फरीदाबाद। कवि, गीतकार एवं पत्रकार सुभाष श्रीवास्तव द्वारा रचित भक्ति भाव से ओत-प्रोत वीडियो गीत ‘पूछ रहे प्रभु राम’ को अनुज म्यूजिक चैनल के माध्यम से यूट्यूब पर रिलीज किया गया है। यह गीत प्रभु श्रीराम के उस मार्मिक प्रसंग को जीवंत करता है, जब माता सीता का हरण होने के बाद वे व्याकुल होकर उनकी खोज में वन-वन भटकते हैं।

गीत में दर्शाया गया है कि श्रीराम अपनी प्राणप्रिया सीता की तलाश में पशु-पक्षियों, पेड़-पौधों, धरती-आसमान, जंगल-पहाड़, नदी-नालों, हवा-पानी और प्रकृति के प्रत्येक तत्व से प्रश्न करते हुए दिखाई देते हैं। विरह-वेदना से व्याकुल राम की यह संवेदनशील यात्रा अंततः किष्किंधा पर्वत तक पहुंचती है, जहां घायल अवस्था में पड़े गिद्धराज जटायु से उनका सामना होता है।

जटायु ‘हे राम, हे राम’ कहते हुए प्रभु को सीता हरण की पूरी घटना सुनाते हैं और बताते हैं कि लंकेश रावण माता सीता को दक्षिण दिशा की ओर ले गया है। सीता को बचाने के प्रयास में जटायु स्वयं घायल हो जाते हैं और अंततः प्रभु राम की गोद में प्राण त्याग देते हैं। गीत इस प्रसंग की करुणा, भक्ति और भावनात्मक गहराई को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करता है।

इस भक्ति गीत को लोक गायिका अंजनी चौधरी ने अपनी सुमधुर और कर्णप्रिय आवाज में स्वर दिया है, जो श्रोताओं को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराता है। भावपूर्ण शब्दों और मधुर संगीत से सुसज्जित यह गीत श्रद्धालुओं और संगीत प्रेमियों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *