मार्केट कमेटी के चेयरमैन सुभाष आहूजा व दशहरा कमेटी के पदाधिकारियों ने पुलिस टीम के साथ किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर हुई चर्चा

फरीदाबाद। श्री बजरंग दल दशहरा कमेटी (रजि.) की ओर से ओल्ड फरीदाबाद स्थित ऐतिहासिक बराही तालाब परिसर में 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भव्य दशहरा समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। दशहरा पर्व को भव्य, आकर्षक एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आयोजन समिति के पदाधिकारी पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।

इसी कड़ी में आज मार्केट कमेटी के चेयरमैन सुभाष आहूजा, श्री बजरंग दल दशहरा कमेटी के चेयरमैन परविन्दर मल्होत्रा (शंटी), वाइस चेयरमैन सतीश आहूजा, प्रधान सन्नी नारंग, अशोक ढींगड़ा तथा बिन्दू ठेकेदार ने चौकी इंचार्ज अजय कुमार एवं उनकी पुलिस टीम के साथ बराही तालाब स्थित दशहरा मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, यातायात नियंत्रण, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन सुभाष आहूजा, दशहरा कमेटी के चेयरमैन परविन्दर मल्होत्रा (शंटी), वाइस चेयरमैन सतीश आहूजा और प्रधान सन्नी नारंग ने संयुक्त रूप से कहा कि दशहरा पर्व हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक है। यह पर्व हमें बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि श्री बजरंग दल दशहरा कमेटी द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दशहरा पर्व को पूरे उत्साह, श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाने की तैयारियां की जा रही हैं।

इस मौके पर चौकी इंचार्ज अजय कुमार ने कहा कि दशहरा समारोह के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए आयोजन समिति और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल रखा जाएगा।

उन्होंने आयोजन समिति के पदाधिकारियों से भी अपील की कि वे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करें। साथ ही समारोह में आने वाले श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने और पुलिस द्वारा दिए जाने वाले दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया और विश्वास जताया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से बराही तालाब में आयोजित होने वाला दशहरा समारोह भव्यता, उत्साह और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📞 Phone: +91 9891990785                                    

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)