प्रसिद्ध गायक दीपक साहू के होली गीतों पर झूमे अतिथि व अस्पताल स्टाफ, नशा-मुक्त और सौहार्दपूर्ण उत्सव मनाने का लिया संकल्प

फरीदाबाद।   शहर के बत्रा अस्पताल परिसर में रविवार को ह्यूमन लीगल संस्था द्वारा फूलों से सजा अनोखा एवं पर्यावरण-अनुकूल होली मिलन समारोह उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली के कृष्णा नगर से आए प्रसिद्ध गायक दीपक साहू ने अपने मधुर होली गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को रंगीन बना दिया। संगीत, फूलों की खुशबू और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच पूरा परिसर उत्सवमय वातावरण में सराबोर नजर आया।

समारोह के दौरान फूल मालाओं का वितरण, चंदन तिलक, भजन-कीर्तन एवं पर्यावरण-अनुकूल रंगों के साथ फूलों की होली खेली गई। कार्यक्रम में अस्पताल के डॉक्टरों, स्टाफ तथा संस्था के 100 से अधिक सदस्यों ने भाग लेकर आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

संस्था अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य अस्पताल कर्मियों का मनोबल बढ़ाना तथा सकारात्मक सामाजिक वातावरण तैयार करना है। वहीं गायक दीपक साहू द्वारा प्रस्तुत लगभग दस लोकप्रिय होली गीतों, विशेष रूप से ‘रंग बरसे’, ने उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं।

राष्ट्रीय महासचिव राधिका बहल ने जल संरक्षण का संदेश देते हुए फूलों की होली को प्रदूषण-मुक्त उत्सव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उनके नेतृत्व में सैकड़ों सदस्यों एवं अतिथियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से पारंपरिक और सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा दिया।

कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज अग्रवाल एवं समाजसेवी लखन सिंगला ने संस्था के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए होली को प्रेम, भाईचारे और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक बताया। शेफाली सिंगल ने समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला, जबकि करण सिंगल ने सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।

संस्था के वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश खटाना ने कहा कि यह आयोजन केवल त्योहार नहीं बल्कि सामाजिक सौहार्द और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का माध्यम बना है। बत्रा अस्पताल के चेयरमैन डॉ. पंकज बत्रा ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।

समारोह के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने नशा-मुक्त एवं सौहार्दपूर्ण होली मनाने की शपथ ली। इस अवसर पर संस्था के कोषाध्यक्ष गुलशन कुमार, उपाध्यक्ष अमित साहनी, प्रदेश अध्यक्ष मनोज राजपूत, मीडिया सचिव अंबिका प्रसाद ओझा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *