गुरुग्राम-फरीदाबाद मेट्रो घोषणा पर उठाए सवाल, बोले—2014 से सिर्फ वादे, जमीन पर कोई काम नहीं
फरीदाबाद। हरियाणा सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड़ ने इसे पूरी तरह निराशाजनक और दिशाहीन बजट करार दिया है। उन्होंने कहा कि बजट में किसानों, गरीबों, मजदूरों, युवाओं तथा प्रदेश में बढ़ते प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस योजना शामिल नहीं की गई है।
सुमित गौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पेश किए गए बजट में ऐसी कोई विशेष घोषणा नहीं है, जिसे लेकर सरकार जनता के बीच उपलब्धि बताने का प्रयास कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच प्रस्तावित मेट्रो परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 से लगातार इस योजना की घोषणा की जा रही है, लेकिन आज तक इस पर कोई ठोस अमल नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि वास्तविक विकास वही होता है जिसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार होकर कार्य शुरू हो, जबकि सरकार केवल घोषणाओं के माध्यम से जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि यह बजट हरियाणा वासियों की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरा है और इसमें प्रदेश के समग्र विकास, रोजगार सृजन तथा आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए कोई स्पष्ट रोडमैप नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि मौजूदा बजट पूरी तरह खोखला साबित हुआ है।

