– फरीदाबाद हाफ मैराथॉन में दिखेगा एकजुटता का संदेश, 21.1K, 10K और 5K रन में शामिल होंगे धावक

– 21.1K और 10K रन के विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार, ओवरऑल चैंपियन को मिलेंगे ₹1 लाख

– 18 से 45, 45 से 60 और 60+ आयु वर्ग के धावकों को मिलेगा जीत का मौका

– व्हीलचेयर और एम्प्यूटी धावकों के लिए भी खास पुरस्कार, 21.1K विजेता को ₹10 हजार

– मैराथॉन के साथ नशे के खिलाफ जनजागरण, फरीदाबादवासियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील

 

फरीदाबाद, 06 सितंबर। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने बताया कि आगामी 27 सितंबर 2026 को सूरजकुंड मेला ग्राउंड्स, फरीदाबाद में आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथॉन-2026 को लेकर जिलेवासियों एवं देशभर के धावकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मैराथॉन के लिए पंजीकरण का आंकड़ा इस सप्ताहांत में एक लाख का आंकड़ा पार कर गया है और अब तक 1,00,867 से अधिक प्रतिभागी अपना पंजीकरण करा चुके हैं। आयोजन में अब केवल 20 दिन शेष हैं। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ-साथ ‘नशामुक्त हरियाणा’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

फरीदाबाद हाफ मैराथॉन में दिखेगा एकजुटता का संदेश, 21.1K, 10K और 5K रन में शामिल होंगे धावक
उपायुक्त ने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथॉन का फ्लैग ऑफ हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा किया जाएगा। आयोजन में 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथॉन, 10 किलोमीटर टाइम्ड रन और 5 किलोमीटर फन रन की श्रेणियां रखी गई हैं। 21.1 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दौड़ अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मापे गए कोर्स पर आयोजित होगी तथा प्रतिभागियों के समय का निर्धारण RFID चिप के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मैराथॉन में कुल 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है तथा विभिन्न आयु वर्गों एवं विशेष श्रेणियों में भी प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

21.1K और 10K रन के विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार, ओवरऑल चैंपियन को मिलेंगे ₹1 लाख
उन्होंने बताया कि 21.1 किलोमीटर ओवरऑल पुरुष एवं महिला वर्ग में विजेता को 1,00,000 रुपये, प्रथम रनर-अप को 75,000 रुपये तथा द्वितीय रनर-अप को 50,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसी प्रकार 10 किलोमीटर ओवरऑल पुरुष एवं महिला वर्ग में विजेता को 50,000 रुपये, प्रथम रनर-अप को 30,000 रुपये तथा द्वितीय रनर-अप को 20,000 रुपये का पुरस्कार मिलेगा।

18 से 45, 45 से 60 और 60+ आयु वर्ग के धावकों को मिलेगा जीत का मौका
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि 21.1 किलोमीटर की आयु-वर्ग श्रेणियों में पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों के लिए 18 से 45 वर्ष, 45 से 60 वर्ष तथा 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक आयु वर्ग में विजेता को 10,000 रुपये, प्रथम रनर-अप को 7,500 रुपये तथा द्वितीय रनर-अप को 5,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। वहीं 10 किलोमीटर की आयु-वर्ग श्रेणियों में भी 18 से 45 वर्ष, 45 से 60 वर्ष तथा 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग शामिल हैं। प्रत्येक आयु वर्ग में विजेता को 7,500 रुपये, प्रथम रनर-अप को 5,000 रुपये तथा द्वितीय रनर-अप को 3,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

व्हीलचेयर और एम्प्यूटी धावकों के लिए भी खास पुरस्कार, 21.1K विजेता को ₹10 हजार
उन्होंने बताया कि मैराथॉन को अधिक समावेशी बनाने के लिए विशेष श्रेणियों में भी पुरस्कार रखे गए हैं। पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों के लिए व्हीलचेयर श्रेणी में 21.1 किलोमीटर के विजेता को 10,000 रुपये, 10 किलोमीटर के विजेता को 7,500 रुपये तथा 5 किलोमीटर के विजेता को 5,000 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार एम्प्यूटी श्रेणी में 21.1 किलोमीटर के विजेता को 10,000 रुपये, 10 किलोमीटर के विजेता को 7,500 रुपये तथा 5 किलोमीटर के विजेता को 5,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

मैराथॉन के साथ नशे के खिलाफ जनजागरण, फरीदाबादवासियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथॉन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, अनुशासन, युवा शक्ति और नशामुक्त समाज के संकल्प का सामूहिक अभियान है। उन्होंने जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, सरकारी अधिकारियों, सामाजिक संगठनों तथा खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में हो रहे पंजीकरण से स्पष्ट है कि फरीदाबादवासी स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त हरियाणा के संदेश को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं। इच्छुक प्रतिभागी फरीदाबाद हाफ मैराथॉन की आधिकारिक वेबसाइट www.faridabadhalfmarathon.in पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📞 Phone: +91 9891990785                                    

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)