खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर बोले- महिलाओं की आर्थिक भागीदारी से ही संभव है देश का संतुलित विकास, मेधावी छात्राओं को किया सम्मानित
देवधर। गुर्जर कन्या गुरुकुल संस्थान, देवधर के स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं। महिला आरक्षण, पंचायतों में महिलाओं की भागीदारी और राशन डिपो में 33 प्रतिशत हिस्सेदारी जैसे कदम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल ने की, जबकि शिवालिक विकास बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश देवी नगर, मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी भोपाल सिंह खदरी और कुरुक्षेत्र धर्मशाला के प्रधान ऋषिपाल कसाना विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि राजेश नागर ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाए बिना देश का संतुलित विकास संभव नहीं है। सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को अधिक से अधिक अवसर देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए। उन्होंने गुर्जर कन्या गुरुकुल देवधर की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान शिक्षा के साथ-साथ छात्राओं को अच्छे संस्कार देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। यहां आसपास के कई राज्यों से छात्राएं शिक्षा ग्रहण करने पहुंच रही हैं और संस्थान ने देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान को 21 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
शिवालिक विकास बोर्ड के चेयरमैन ओमप्रकाश देवी नगर ने भी संस्थान के कार्यों की सराहना करते हुए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी भोपाल सिंह खदरी ने संस्थान को 11 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। इस प्रकार समारोह में संस्थान के लिए कुल 53 लाख रुपये की सहायता राशि घोषित की गई।
पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कार्यक्रम अध्यक्ष कंवरपाल ने कहा कि देवधर गुरुकुल में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देकर योग्य नागरिक बनाया जा रहा है। संस्थान के संस्थापक पद्मश्री ओमप्रकाश गांधी ने कहा कि शिक्षा ही समाज में सकारात्मक बदलाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। समाज के विकास के लिए कन्या शिक्षा को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। बच्चों को उच्च शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
ओमप्रकाश गांधी ने बताया कि जगाधरी में सम्राट मिहिर भोज के नाम से बच्चों के लिए एक गुरुकुल का निर्माण किया जा रहा है। यह संस्थान पूरी तरह आवासीय होगा, जहां बच्चों को शिक्षा और संस्कार प्रदान किए जाएंगे।
समारोह में गुर्जर समाज के नवनिर्वाचित आठ पदाधिकारियों को स्मृति चिह्न और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि राजेश नागर ने मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी भोपाल सिंह खदरी, कुरुक्षेत्र धर्मशाला के प्रधान ऋषिपाल कसाना, ओमप्रकाश गांधी, पवन बटार, अनंत सिंह तंवर, सीडब्ल्यूसी चेयरमैन अशोक रोहिल्ला, राकेश पोसवाल, सुमित कुमार, प्रवीण बटार, मनोज कुमार, ओंकार सिंह देवधर, चंद्रपाल माडो, प्रेमचंद शर्मा, पूर्व डीएफओ सूरजभान, नरेंद्र कुमार, बीरम कुमार, अनुज दढ़वा, सरपंच प्रेमचंद शर्मा, रतन सिंह देवधर, मुकेश दमोपुरा, संतराम, रविंद्र कुमार, अनिल दड़वा, प्रदीप कुमार कलेसर, प्रमोद कुमार, भूपेंद्र देवधर, मोहन वर्मा, राजबीर, डायरेक्टर शकुंतला सिंह, कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. ममता शर्मा, पूनम ढांडे, खरैती लाल और रविंद्र गौरसी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

