जींद, 16 जुलाई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली ने कहा कि हरियाणा से शुरू होने जा रही देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में यह परियोजना भारत को हरित एवं आधुनिक रेल परिवहन के नए दौर में प्रवेश कराएगी।
पत्रकारों से बातचीत में राजीव जेटली ने कहा कि विकसित देश भी जिस स्तर की हाइड्रोजन ट्रेन की परिकल्पना नहीं कर पाए, उस दिशा में भारत दुनिया की सबसे बड़ी हाइड्रोजन ट्रेन संचालित करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल जींद और सोनीपत के बीच रेल सेवा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भविष्य की स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था की आधारशिला साबित होगी।
उन्होंने कहा कि यह हाइड्रोजन ट्रेन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। इससे न केवल आधुनिक तकनीक को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि प्रदूषण में कमी लाने और पर्यावरण संरक्षण को भी नई मजबूती मिलेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जेटली ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को राजनीतिक दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन के लिए फायर सेफ्टी और सुरक्षा संबंधी सभी मानक उच्च स्तर के हैं तथा वैज्ञानिक इसकी सतत निगरानी करेंगे। प्रारंभिक चरण में ट्रेन को लो-ट्रैफिक कॉरिडोर पर संचालित किया जाएगा और प्रत्येक तकनीकी मानक का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
राजीव जेटली ने कहा कि इस परियोजना पर पूरी दुनिया की नजर है और यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के भविष्य का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि हाइड्रोजन तकनीक आने वाले वर्षों में भारतीय रेल परिवहन में बड़ी क्रांति लाएगी।
उल्लेखनीय है कि देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा में जींद और सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग पर संचालित की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद जंक्शन से इस पर्यावरण अनुकूल ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

