????????????????????????????????????

-पलवल में चार दिवसीय जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव का हुआ पारितोषिक वितरण के साथ हुआ भव्य समापन
-गीता जयंती महोत्सव के अंतिम दिन वैश्विक गीता पाठ का हुआ उच्चारण
-खेल राज्य मंत्री की माता रतना देवी ने समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत
-उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने व्यक्त किया सभी का आभार


पलवल, 1 दिसंबर।
 बृज की पावन धरा पलवल पर आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव का सोमवार को पारितोषिक वितरण के साथ भव्य समापन हो गया। गीता जयंती महोत्सव का श्रीगणेश जितने बेहतरीन और शानदार तरीके से हुआ, समापन समारोह भी उतना ही भव्य और अलौकिक तरीके से सम्पन्न हुआ। गीता जयंती महोत्सव के समापन समारोह में हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री की माता रतना देवी मुख्य अतिथि रही। उन्होंने इस अवसर पर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए स्टॉल पर पहुंचकर जानकारी प्राप्त की और अपनी स्वास्थ्य जांच भी कराई। डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए विभागीय प्रदर्शनी के बारे में जानकारी प्रदान की। सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा व जिला प्रशासन पलवल की संयुक्त भागीदारी के साथ आयोजित किया गया जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव जन-जन तक गीता का शाश्वत उपदेश और संदेश पहुंचाने में कामयाब रहा।
मोक्ष प्राप्ति की राह दिखाती है गीता : रतना देवी
समापन समारोह की मुख्य अतिथि रतना देवी ने कहा कि पवित्र ग्रंथ गीता मानव को धर्म का अर्थ ही नहीं समझाती बल्कि मोक्ष प्राप्ति की राह भी दिखाती  है। यह जीवन की जीने की कला सिखती है, नर से नारायण बनने का मार्ग भी गीता में निहित है। उन्होंने कहा कि गीता को पढने से लोक कल्याण होगा, इस ग्रंथ से समाज को निष्काम भाव से कर्म करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की भूमि पर अर्जुन को कर्तव्यों का एहसास करवाने के लिए भगवान श्री कृष्ण ने गीता का उपदेश दिया था। ये उपदेश किसी एक व्यक्ति विशेष तक तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह उपदेश सभी के लिए है, जिसे सभी को जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
लंबे समय तक लोगों के हृदय में बनी रहेगी गीता के शाश्वत संदेश और भारतीय संस्कृति की सुगंध :
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि गीता के मार्गदर्शन की प्रासंगिकता को केंद्र में रखते हुए आयोजित किया गया गीता जयंती महोत्सव केवल उत्सव नहीं बल्कि सद्भाव, संस्कृति और अध्यात्म का संदेश है, जिसे समाज में निरंतर आगे बढ़ाना जरूरी है। बेशक गीता जयंती महोत्सव संपन्न हो गया है फिर भी, गीता के शाश्वत संदेश और भारतीय संस्कृति की सुगंध लंबे समय तक लोगों के हृदय में बनी रहेगी, यही कार्यक्रम की सबसे बड़ी सफलता रही। उन्होंने दर्शकों, प्रतिभागियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों, स्वयंसेवकों, धार्मिक और सामाजिक संगठनों और संस्थाओं, समाज सेवकों को आभार व्यक्त किया और भविष्य में आयोजित होने वाले आयोजनों में भी सहयोग व योगदान करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों और स्थानीय और बाहर से आए लोक कलाकारों ने गीता पर आधारित बेहतरीन सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को गीता का उपदेश और संदेश देते हुए मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि रतना देवी व उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने वाद-विवाद, संस्कृत श्लोकोच्चारण, प्रश्नोत्तरी, सांस्कृतिक प्रस्तुति सहित अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों, गीता नगर शोभा यात्रा में शामिल झांकियों, स्वागतकर्ताओं, स्टॉल संचालक विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, समाज सेवकों तथा गीता जयंती महोत्सव को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सफल बनाने में सहयोग और योगदान करने वालों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सभी ने वैश्विक गीता पाठ का किया सामूहिक उच्चारण :
गीता जयंती महोत्सव के समापन से पूर्व प्रात: कालीन सत्र में हवन यज्ञ, गीता जी की आरती, वैदिक मंत्रोच्चारण , वैश्विक गीता पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें पलवल के बीके वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने गीता के श्लोकों का सामूहिक पाठ किया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से प्रदेशभर के सभी जिलों में आयोजित किए जा रहे जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव से लाइव वैश्विक गीता पाठ से जुड़ें और गीता पाठ का श्रवण किया। इस दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से गीता श्लोकों का सामूहिक उच्चारण किया, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कुरुक्षेत्र की पावन धरा से वैश्विक गीता पाठ के श्लोकों से पूरे विश्व को एक नई राह मिलेगी।
ये रहे मौजूद :
इस अवसर पर जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव के ऑवर ऑल इंचार्ज एवं अतिरिक्त उपायुक्त जयदीप कुमार, एसडीएम पलवल ज्योति, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार बघेल, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी डी.पी. कुलश्रेष्ठ, प्रमुख सहयोगी एवं समाजसेवी कुबेर दत्त गौतम, प्रोफेसर के. डी. शर्मा, डा. लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, डा. राधावल्लभ शर्मा, डा. संपत सिंह, ज्योतिषाचार्य कुलदीप कौशिक, अन्य समाज सेवक, सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📧 Email: dishuojha707@gmail.com
📞 Phone: +91 9891990785, +91 9540702609

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)