फरीदाबाद। सेक्टर-29 स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व जन्माष्टमी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर प्रबंधन की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में नासिक बैंड की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं में उत्साह भर दिया। बैंड की धुनों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु झूमते और नृत्य करते नजर आए। शोभायात्रा के दौरान पूरा वातावरण भक्ति और उत्सव के रंग में सराबोर रहा।
वृंदावन से पहुंची भजन टीम ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। वहीं मंदिर के महंत श्री गोपाल कौशिक ने भी अपने मधुर भजनों से भक्तों को भक्ति रस में डुबो दिया। मंदिर परिसर में लगातार ‘राधे-राधे’ और ‘जय श्री कृष्ण’ के जयघोष गूंजते रहे।
श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन होकर जन्माष्टमी पर्व को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
मंदिर प्रबंधन ने जन्माष्टमी पर्व को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, सेवाभावी सदस्यों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

