आरडब्ल्यूए ने पानी, बिजली, सफाई, खेल मैदान, पार्क और आवारा पशुओं सहित विभिन्न समस्याओं का ज्ञापन सौंपा

फरीदाबाद। रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) सेक्टर-46 के प्रधान राज सिंह बैंसला एवं उनकी पूरी टीम ने सेक्टर-46 स्थित सामुदायिक भवन में पहुंचने पर केंद्रीय राज्यमंत्री चौ. कृष्णपाल गुर्जर और विधायक धनेश अदलक्खा का जोरदार स्वागत किया। मौका था करीब सवा दो करोड़ रुपये की लागत से कम्युनिटी सेंटर के सौंदर्यीकरण कार्य का।

कार्यक्रम स्थल के द्वार पर आरडब्ल्यूए सदस्यों ने दोनों अतिथियों पर पुष्प वर्षा कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके उपरांत आरडब्ल्यूए प्रधान राज सिंह बैंसला एवं महासचिव आर.के. पंत ने केंद्रीय राज्यमंत्री और विधायक को पुष्पगुच्छ भेंट कर कम्युनिटी सेंटर के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए आभार जताया।

इस अवसर पर आरडब्ल्यूए की ओर से सेक्टर की विभिन्न समस्याओं को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री चौ. कृष्णपाल गुर्जर को ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन में 100 गज के मकानों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने, बिजली की जर्जर तारों को बदलवाने, सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने, सेक्टर में मंदिर निर्माण कार्य शुरू कराने, कुछ मकानों के सामने अधूरे पड़े पार्कों का कार्य पूरा कराने, शिवालिक सोसाइटी की समस्याओं का समाधान कराने, आवारा पशुओं व बंदरों से निजात दिलाने, बच्चों के लिए खेल मैदान उपलब्ध कराने तथा गंदगी की समस्या से छुटकारा दिलाने की मांग की गई।

केंद्रीय राज्यमंत्री चौ. कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। बिजली, पानी, सडक़, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेक्टर-46 में जल्द ही सेक्टर-12 और सेक्टर-31 के टाउन पार्क से भी अधिक सुंदर और बेहतर टाउन पार्क विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्क की आवश्यकता को देखते हुए उपलब्ध कमर्शियल साइट को टाउन पार्क के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। स्वीकृति मिलने के बाद यहां वॉकिंग ट्रैक, हरियाली, लाइटिंग, फव्वारे और अन्य जनसुविधाओं से युक्त सुंदर टाउन पार्क विकसित किया जाएगा। इससे बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं सहित सभी वर्गों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि सेक्टर-45 के अर्बन हेल्थ सेंटर को अस्पताल में परिवर्तित किया गया है, जिससे आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

विधायक धनेश अदलक्खा ने कहा कि सेक्टर-46 के निवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय कर उनका समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। आरडब्ल्यूए द्वारा रखी गई मांगों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जाएगी।

आरडब्ल्यूए प्रधान राज सिंह बैंसला ने कहा कि सेक्टर-46 के निवासी लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। कम्युनिटी सेंटर के सौंदर्यीकरण से क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, जिसके लिए आरडब्ल्यूए केंद्रीय राज्यमंत्री और विधायक का आभार व्यक्त करती है। उन्होंने कहा कि सेक्टर में पानी, बिजली, सफाई, पार्क, खेल मैदान, आवारा पशुओं और बंदरों सहित कई समस्याएं हैं। आरडब्ल्यूए ने इन सभी समस्याओं को ज्ञापन के माध्यम से मंत्री के समक्ष रखा है और उम्मीद है कि इनका जल्द समाधान कराया जाएगा।

इस मौके पर पार्षद लिक्खी चपराना,आरडब्लूए के वरिष्ठ उपप्रधान धर्मबीर खटाना, संरक्षक हीरा लाल शर्मा, कोषाध्यक्ष उपेन्द्र पाठक सहित आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सेक्टरवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📞 Phone: +91 9891990785                                    

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)