पहले दिन 882 बच्चों व 175 गर्भवती महिलाओं का हुआ टीकाकरण
फरीदाबाद, 24 जून। उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 30 जून तक जिले में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। विशेष टीकाकरण अभियान के तहत पहले दिन जिले भर में 114 सत्रों का आयोजन किया गया, जिनमें कुल 882 बच्चों और 175 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने पहले दिन 967 बच्चों और 189 गर्भवती महिलाओं को कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया था। जिसमें विभाग की टीमों ने सराहनीय प्रयास करते हुए 882 बच्चों और 175 गर्भवती महिलाओं को सफलतापूर्वक टीकाकरण किया। यू-विन पोर्टल पर पंजीकरण कराकर लाभार्थी टीकाकरण प्रमाणपत्र भी डाउनलोड कर सकते हैं।
उप-सिविल सर्जन (वैक्सीनेशन) डॉ. रचना मिश्रा ने बताया कि यह अभियान उन बच्चों और गर्भवती महिलाओं को ध्यान में रखकर चलाया जा रहा है जो नियमित टीकाकरण से छूट गए हैं। उन्होंने बताया कि जन्म से 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों को 12 जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा देने वाली 11 प्रकार की वैक्सीन लगाई जाती हैं। इस विशेष अभियान का लक्ष्य जिले में कुल 3288 बच्चों और 496 गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण सेवाएं प्रदान करना है। जिसमें 0-1 वर्ष के 1413, 1-2 वर्ष के 936, और 2-5 वर्ष के 939 बच्चों को कवर किया जाना है।
नोडल अधिकारी(टीकाकरण) डॉ. संगीता शर्मा ने बताया कि इस अभियान में हाई रिस्क क्षेत्रों जैसे कि ईंट भट्ठे, फैक्ट्रियां, स्लम क्षेत्र व झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों व गर्भवती महिलाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है, क्योंकि इन क्षेत्रों में बीमारियों का खतरा अधिक रहता है। अभियान के पहले दिन 0 से 11 माह के 133 बच्चों का पहली बार टीकाकरण और 9 से 23 माह के 96 बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जिले का कोई भी पात्र बच्चा या गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे।
