AVTS-2 भूपानी ने 11 आरोपितों को किया गिरफ्तार, 21 चोरीशुदा वाहन बरामद
फरीदाबाद। वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी में सक्रिय पांच अलग-अलग गिरोहों का पर्दाफाश किया है। AVTS-2 भूपानी की टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोहों से जुड़े 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर 21 चोरीशुदा वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में 16 मोटरसाइकिल, तीन ऑटो, एक स्कूटी और एक JCB मशीन शामिल है। सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अमन यादव ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि अपराध शाखा की टीम पिछले कुछ समय से वाहन चोरी की वारदातों की जांच में जुटी हुई थी। इसी दौरान अलग-अलग स्थानों से आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पिछले करीब तीन सप्ताह के दौरान की गई है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरीशुदा वाहनों की बरामदगी की गई। पुलिस ने साहिल-धीरेंदर गिरोह से जुड़े आरोपितों के कब्जे से तीन चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की हैं। वहीं राहुल-आमिर गिरोह से एक JCB मशीन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। JCB मशीन की बरामदगी को पुलिस की कार्रवाई में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इसके अलावा फैसल-मुफीद-रशीद गिरोह से चार मोटरसाइकिल और एक ऑटो बरामद किया गया है। फैजल-मोशिम उर्फ सहीद गिरोह के आरोपितों से तीन चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। वहीं फज्जर गिरोह के आरोपितों के कब्जे से चार मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपितों से वाहन चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। आरोपितों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। जांच के दौरान उनके पूर्व में वाहन चोरी और चोरी की अन्य वारदातों में संलिप्त होने संबंधी जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपित चोरी किए गए वाहनों को कहां छिपाते थे और उन्हें आगे किन लोगों के माध्यम से ठिकाने लगाया जाता था। पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और वाहन चोरी की अतिरिक्त वारदातों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अपराध शाखा की टीम ने अन्य मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों से दो ऑटो और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस अब बरामद वाहनों के संबंध में दर्ज मुकदमों की जानकारी जुटा रही है। संबंधित मामलों की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चोरीशुदा वाहनों को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और चोरी के मामलों में सक्रिय गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

