फरीदाबाद। डबुआ कॉलोनी स्थित प्रकाश बाल भारती पब्लिक स्कूल की मेधावी छात्रा हिमांशी कौशिक ने सीबीएसई 12वीं कॉमर्स परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्षेत्र व अपने परिवार का नाम रोशन किया है। हिमांशी की इस शानदार उपलब्धि पर परिवार, विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने के बाद हिमांशी कौशिक अपने माता-पिता दुर्वेश कौशिक एवं भारती कौशिक के साथ श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम, श्री सिद्धदाता आश्रम पहुंचीं, जहां उन्होंने अनंत श्री विभूषित इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा पीठाधीश्वर, श्रीमद जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने हिमांशी की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और गुरु-कृपा से ही जीवन में बड़ी सफलताएं प्राप्त होती हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और समाज का नाम रोशन कर रही हैं तथा हिमांशी की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
हिमांशी के माता-पिता दुर्वेश कौशिक एवं भारती कौशिक ने भी गुरु महाराज के चरणों में आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका परिवार लंबे समय से गुरु दरबार से जुड़ा हुआ है और बेटी की यह उपलब्धि गुरुदेव के आशीर्वाद एवं उनकी असीम कृपा का परिणाम है।
गुरु महाराज ने हिमांशी एवं उसके पूरे परिवार को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।

