– फरीदाबाद प्रशासन की कार्यशैली से गदगद हुए सीएम सैनी, बोले— “आपका स्कोरकार्ड सबसे बेहतर”

– फरीदाबाद का स्कोरकार्ड 100 में से 83%, कोई पुरानी शिकायत लंबित नहीं

– मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उपायुक्तों से किया सीधा संवाद

 

फरीदाबाद, 19 मई। हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों की प्रगति एवं उनके समाधान की स्थिति की समीक्षा की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायत निवारण प्रक्रिया, विभिन्न विकास कार्यों तथा मुख्यमंत्री घोषणाओं की वर्तमान प्रगति पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से विभागवार कार्यवाही की जानकारी लेते हुए व्यक्तिगत फीडबैक भी प्राप्त किया तथा निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करते हुए आमजन को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया। जिला मुख्यालय फरीदाबाद में आयोजित बैठक में उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने अध्यक्षता करते हुए सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिला फरीदाबाद के उपायुक्त आयुष सिन्हा की कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा करते हुए कहा कि नियमित मॉनिटरिंग और शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा बेहतर प्रशासन की पहचान है। उन्होंने समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि “आप हर वीक शिकायतों का रिव्यू करते हैं, इसलिए आपका स्कोरकार्ड 100 में से 83% है और सबसे बेहतर है। साथ ही आपके यहाँ कोई पुरानी शिकायत लंबित नहीं। बैठक में मुख्यमंत्री ने कमजोर प्रदर्शन वाले जिलों के अधिकारियों से वन-टू-वन जवाब भी लिया और प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने बैठक में उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों एवं एमिनेंट सिटीजंस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान में सभी की सक्रिय भागीदारी और सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि उनका निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना है।

डीसी ने कहा कि विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय एवं बेहतर तालमेल के माध्यम से नागरिकों को अधिक प्रभावी और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी सभी विभाग इसी प्रकार समर्पण और सहयोग की भावना से कार्य करते रहेंगे।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक शिकायत का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। डीसी ने कहा कि यदि शिकायतों के निस्तारण के दौरान किसी भी स्तर पर कोई समस्या अथवा बाधा उत्पन्न होती है, तो संबंधित अधिकारी तत्काल उपायुक्त कार्यालय को अवगत कराएं, ताकि समय रहते उसका समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।

समीक्षा बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, डीसीपी उषा कुंडू, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📧 Email: dishuojha707@gmail.com
📞 Phone: +91 9891990785 , +91 9540702609

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)