फरीदाबाद | कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), फरीदाबाद ने नए श्रम कानूनों (OSH 2020) के अनुपालन में 40 वर्ष और उससे अधिक आयु के औद्योगिक कर्मचारियों के लिए ‘निवारक वार्षिक स्वास्थ्य जांच’ कार्यक्रम चला रहा है । इस पहल का मुख्य उद्देश्य बीमारियों का शीघ्र पता लगाना और प्रवासी श्रमिकों के स्वास्थ्य परिणामों में सुधार करना है ।
कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु क्षेत्रीय कार्यालय, फरीदाबाद में विभिन्न औद्योगिक संघों और बड़े नियोक्ताओं के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गईं ।
बैठक के दौरान कर्मचारियों के लिए निम्नलिखित दिशा-निर्देश जारी किए गए:
• पंजीकरण का समय: पंजीकरण सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगा ।
• आवश्यक दस्तावेज: कर्मचारियों को आधार कार्ड तथा ईएसआईसी कार्ड लाना होगा ।
• महत्वपूर्ण निर्देश: सटीक जांच परिणामों के लिए कर्मचारियों को खाली पेट (उपवास की स्थिति में) आना अनिवार्य है । चूंकि कुछ परीक्षण भोजन के बाद किए जाएंगे, इसलिए उन्हें अपना दोपहर का भोजन साथ लाने की सलाह दी गई है ।
हरियाणा में यह स्वास्थ्य जांच ई एस आई सी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल एन एच 3 फरीदाबाद, ई एस आई अस्पताल सेक्टर 8 फरीदाबाद, ई एस आई अस्पताल पानीपत, ई एस आई अस्पताल भिवानी, ई एस आई सी अस्पताल गुड़गांव तथा ई एस आई सी अस्पताल मानेसर में की जा रही हैं।
क्षेत्रीय निदेशक श्री हरि ओम प्रकाश ने बताया कि इस कार्यक्रम से कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण होगा, जिससे उनके स्वास्थ्य पैटर्न को समझने में मदद मिलेगी । नियोक्ताओं के प्रतिनिधियों द्वारा जांच शिविरों को कंपनी परिसर में ही आयोजित करने के सुझाव पर प्रशासन ने उचित समय पर विचार करने का आश्वासन दिया है ।
श्री हरि ओम प्रकाश ने सभी नियोक्ताओं से इस जन-कल्याणकारी योजना में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है ताकि कार्यस्थल पर निवारक स्वास्थ्य की संस्कृति को मजबूत किया जा सके ।
इसके अतिरिक्त कर्मचारी राज्य बीमा निगम में आधार कार्ड अनिवार्य होने की सूचना सभी नियोक्ता प्रतिनिधियों को दी गई। अब सभी ई एस आई लाभार्थियों को आधार के माध्यम से ही पंजीकृत किए जाने के लिए जागरूक किया गया।

