फरीदाबाद। सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र के 5E/19, एन.आई.टी.-5 स्थित परिसर में प्रयाग संगीत समिति द्वारा आयोजित गायन, नृत्य एवं वाद्य यंत्रों की प्रायोगिक परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा में लगभग 55 विद्यार्थियों ने विभिन्न विधाओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रायोगिक परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों ने शास्त्रीय संगीत, नृत्य एवं वाद्य यंत्रों में अपने कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन कर उपस्थित जनों की सराहना प्राप्त की। परीक्षा के परीक्षक के रूप में आदरणीय श्री सुबोध पांडे उपस्थित रहे। वहीं संगीत कला केंद्र के प्रधानाचार्य श्री दीपेन्द्र कांत ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संगीत कला केंद्र के शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। सभी वॉलंटियर्स ने पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए परीक्षा व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाया। परीक्षा का वातावरण अनुशासित, प्रेरणादायक और उत्साहपूर्ण बना रहा।
इस अवसर पर केंद्र प्रबंधन ने बताया कि सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र निरंतर विद्यार्थियों को संगीत, नृत्य एवं कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारने का कार्य कर रहा है। साथ ही बच्चों को समय-समय पर मानवीय मूल्यों एवं नैतिक शिक्षा के प्रति जागरूक कर उनके सर्वांगीण विकास को भी बढ़ावा दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र, एन.आई.टी. फरीदाबाद में 25 मई से 4 जून तक विशेष समर कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में संगीत की विभिन्न विधाओं — गायन, नृत्य एवं वाद्य यंत्र — की विशेष कक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जिनसे बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।

