फरीदाबाद| फरीदाबाद पुलिस की अवैध खनन करने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी है, जिसके चलते 18 मई को थाना तिगांव क्षेत्र में बैलगाड़ियों से यमुना रेती चोरी करने वाले 6 आरोपितों को ERV-211 की टीम ने माझांवली-तिगावं रोड पर काबू करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार 18 मई को ERV-211 की पुलिस टीम को गश्त के दौरान सूचना प्राप्त हुई कि कुछ लोग बैलगाड़ियों में यमुना रेती चोरी करके ला रहे हैं। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने माझांवली-तिगावं रोड पर जितेन्द्र उर्फ बिट्टू, वीरेन्द्र उर्फ लीले, दीपक, देशराज उर्फ देशी निवासी गांव तिगांव, रोहित उर्फ सोनू वासी गांव बुआपुर तथा बिल्लू वासी गांव मंझावली को काबू किया है। सभी अवैध खनन की गतिविधियों में संलिप्त थे और बैलगाड़ियों में यमुना रेती चोरी करके ला रहे थे। जिनके खिलाफ थाना तिगांव में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि सभी आरोपित गढ़ी घाट, यमुना नदी मंझावली क्षेत्र से रेती चोरी कर लेकर आ रहे थे। चोरी की गई रेती को आसपास के क्षेत्रों में बेच देते थे। पुलिस ने मौके से 7 बैल गाड़ियां को कब्जे में लिया है।

