जिला कांग्रेस की मासिक बैठक में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और जनसमस्याओं पर हुआ मंथन
फरीदाबाद, 10 जून। जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक बुधवार को सेक्टर-9 स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की निगरानी तथा बूथ प्रबंधन को सुदृढ़ करने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही नेहरू कॉलोनी में नगर निगम द्वारा की गई तोड़फोड़ की कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए प्रभावित लोगों के प्रति कांग्रेस ने अपना समर्थन व्यक्त किया।
बैठक का संचालन जिला कांग्रेस के प्रधान महासचिव अशोक रावल ने किया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याओं और स्थानीय मुद्दों को जिला अध्यक्ष के समक्ष रखा तथा प्रशासन की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रभावी आवाज उठाने का संकल्प लिया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एसआईआर अभियान के दौरान सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर पूरी सतर्कता बरतें। उन्होंने कहा कि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटना चाहिए और किसी भी प्रकार के फर्जी वोट जोड़े जाने का भी विरोध किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार एसआईआर की आड़ में विपक्ष समर्थक मतदाताओं के नाम सूची से हटाने का सुनियोजित प्रयास कर रही है, जिसका कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती से मुकाबला करेंगे।
कौशिक ने कहा कि जिला पदाधिकारियों को ब्लॉकवार प्रभारी बनाकर जो जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, उनकी नियमित रिपोर्ट जिला कार्यालय में जमा कराई जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बैठक में उठाई गई प्रशासनिक समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा, जबकि संगठनात्मक और राजनीतिक विषयों से प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व एवं प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र को अवगत कराया जाएगा।
बैठक में कांग्रेस संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को तेज करने की रणनीति भी तय की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
इस अवसर पर प्रवक्ता योगेश ढींगड़ा, राकेश तंवर, विनोद कौशिक, वेदप्रकाश यादव, रेनू चौहान, तिलक नागर, अशोक रावल, डॉ. सौरभ, मास्टर ऋषिपाल, गौरव ढींगड़ा, विजयपाल सिंह, उमेश कौशिक, मुकेश डागर, सुनीता फागना, बलजीत अरोड़ा, संजय सोलंकी, वीरेंद्र यादव, मौसीन खान, दिनेश शर्मा, एन.के. शर्मा, बाबूलाल रवि, सुरेश बेनीवाल, प्रेम यादव, डॉ. एच.पी. माहौर, मनोज सिंह भाटी, हरदेव तायल, धर्म पंडित, शैलेन्द्र कुमार, अमित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

