फरीदाबाद पुलिस की बड़ी सफलता, सेंधमारी और गंभीर अपराधों में वांछित था आरोपी

फरीदाबाद,  जून। फरीदाबाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अपराधी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सोनू उर्फ भिखारी शाह पर नोएडा में गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट सहित 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह थाना पल्ला क्षेत्र में हुई कई सेंधमारी की वारदातों में भी वांछित था।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में अपराध शाखा सेक्टर-85 और अपराध शाखा सेंट्रल की संयुक्त टीम ने गुरुवार तड़के करीब तीन बजे यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में आईएमटी क्षेत्र से गुजरने वाला है।

सूचना के आधार पर अमूल फैक्ट्री-मच्छगर रोड पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगा और बुखारपुर गांव की ओर मुड़ते समय गिर गया। पुलिस टीम के नजदीक पहुंचते ही आरोपी ने अवैध पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी।

सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध-2) वरुण कुमार दहिया ने बताया कि पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद आरोपी लगातार फायरिंग करता रहा। आरोपी की एक गोली पी/एसआई दीपक लोहान की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई।

इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी के पैर में गोली मारी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे काबू कर लिया और प्राथमिक उपचार के बाद बीके अस्पताल में भर्ती कराया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड, नकदी और एक अवैध .32 बोर देशी पिस्टल बरामद हुई। मौके से कई खाली कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर चार राउंड फायर किए थे। आरोपी की पहचान सोनू पुत्र प्रेम सिंह उर्फ भिखारी शाह निवासी सीतामढ़ी (बिहार) और वर्तमान निवासी संगम विहार, दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ नोएडा में 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह फरीदाबाद के थाना पल्ला क्षेत्र में हुई 3-4 सेंधमारी की घटनाओं में भी वांछित चल रहा था। आरोपी की पूर्व में भी दो बार नोएडा पुलिस के साथ मुठभेड़ हो चुकी है।

घटना के संबंध में थाना सदर बल्लभगढ़ में हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने तथा शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📧 Email: dishuojha707@gmail.com
📞 Phone: +91 9891990785 , +91 9540702609

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)