स्वामी निजामृतानंद पुरी जी से की भेंट, अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं एवं सेवा कार्यों की सराहना
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद की मेयर प्रवीण जोशी बत्रा ने अपने पति संदीप जोशी एवं पुत्र लक्ष्य जोशी के साथ अमृता हॉस्पिटल, फरीदाबाद का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल के प्रशासनिक निदेशक स्वामी निजामृतानंद पुरी जी से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा अस्पताल में उपलब्ध विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन किया।
भेंट के दौरान मेयर प्रवीण जोशी बत्रा एवं उनके परिवार ने स्वामी निजामृतानंद पुरी जी को पुष्पगुच्छ, शाल एवं पवित्र शंख भेंट कर सम्मानित किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं स्वामी जी ने भी मेयर का शाल ओढ़ाकर एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
स्वामी निजामृतानंद पुरी जी ने मेयर को अमृता संस्थान की सेवा, करुणा एवं आध्यात्मिक मूल्यों पर आधारित कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि अमृता हॉस्पिटल का उद्देश्य केवल रोगों का उपचार करना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक मरीज को संवेदनशीलता और समर्पण के साथ संपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
अस्पताल भ्रमण के दौरान मेयर प्रवीण जोशी बत्रा ने विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी विभागों, उन्नत चिकित्सा तकनीकों, आधुनिक उपकरणों तथा मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं अधिकारियों से बातचीत कर अस्पताल की कार्यप्रणाली और जनहित में चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी भी प्राप्त की।
मेयर ने कहा कि अमृता हॉस्पिटल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए कम समय में एक विशिष्ट पहचान बनाई है। यहां उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम तथा मरीजों के प्रति सेवा और समर्पण की भावना वास्तव में प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान समाज के स्वास्थ्य स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विशेष रूप से अस्पताल द्वारा संचालित स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों, निःशुल्क चिकित्सा शिविरों तथा समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर पुरी प्राणायाम सोसायटी, फरीदाबाद के प्रधान शशांक रस्तोगी सहित सोसायटी के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी ने अमृता हॉस्पिटल द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
दौरे के अंत में मेयर प्रवीण जोशी बत्रा ने अमृता हॉस्पिटल के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह अस्पताल की सुव्यवस्थित व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं को देख अत्यंत प्रभावित है।


