योगासन को खेल नीति में शामिल करने और खिलाड़ियों को समान सुविधाएं देने की उठाई मांग

चंडीगढ़/फरीदाबाद। प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और हरियाणा का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से उनके सरकारी आवास संत कबीर कुटीर, चंडीगढ़ में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य तथा हरियाणा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव डॉ. युद्धवीर के नेतृत्व में विजेता खिलाड़ियों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिला।

प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारतीय टीम का हिस्सा रहे हरियाणा के 11 खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों और अनुभवों को मुख्यमंत्री के साथ साझा किया। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सभी खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा योगासन खेल में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम विश्व पटल पर रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से योगासन खेल को हरियाणा की खेल नीति में शामिल करने तथा योगासन खिलाड़ियों को अन्य खेलों के खिलाड़ियों के समान सुविधाएं, प्रोत्साहन और अवसर प्रदान करने का आग्रह किया। खिलाड़ियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार के मार्गदर्शन और सहयोग से वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन कर हरियाणा को नई पहचान दिलाने में सफल होंगे।

हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार योग एवं योगासन के प्रचार-प्रसार और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने और योगासन खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में योगासन खिलाड़ियों को और अधिक सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध होंगे।

बैठक एवं सम्मान कार्यक्रम में हरियाणा योग आयोग के उपाध्यक्ष श्री रोशनलाल तथा रजिस्ट्रार डॉ. राजकुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

वहीं, फरीदाबाद योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री जयपाल शास्त्री, महासचिव डॉ. अंकुर सिंह और सचिव श्री श्याम कुमार ने विश्व योगासन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाली फरीदाबाद की प्रतिभावान खिलाड़ी मनीषा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे जिले और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि मनीषा की सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी।

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि 20 जून को फरीदाबाद में मनीषा के सम्मान में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि का अभिनंदन किया जाएगा तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📧 Email: dishuojha707@gmail.com
📞 Phone: +91 9891990785 , +91 9540702609

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)