21 जून को जिले के 19 केंद्रों पर होगी नीट यूजी परीक्षा, सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश
फरीदाबाद, 18 जून। जिले में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि नीट यूजी परीक्षा 21 जून 2026 (रविवार) को जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 2 बजे से सायं 5:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा से जुड़े ट्रांजिट अधिकारियों, ड्यूटी मजिस्ट्रेटों, सेंटर सुपरिंटेंडेंट और सिटी कोऑर्डिनेटरों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप समय रहते पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बिजली, पंखों तथा दीवार घड़ियों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भीषण गर्मी को देखते हुए प्रवेश द्वारों पर पर्याप्त शेड और आवश्यकता अनुसार अस्थायी टेंट लगाए जाएं, ताकि परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीसी ने ड्यूटी मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि वे केवल औपचारिक उपस्थिति तक सीमित न रहें, बल्कि परीक्षा केंद्रों की समग्र व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि नकल, अनुचित साधनों के उपयोग तथा प्रश्नपत्र की गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से पहले शौचालयों, आसपास के क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों का गहन निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं कोई आपत्तिजनक सामग्री या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मौजूद न हो।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। केवल अधिकृत अधिकारियों, कर्मचारियों और एजेंसी प्रतिनिधियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने बायोमेट्रिक सत्यापन, फ्रिस्किंग, सीसीटीवी कैमरों और जैमर की व्यवस्थाओं की पूर्व जांच करने तथा संबंधित एजेंसियों को सभी उपकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, निगम संयुक्त आयुक्त करण सिंह, सीटीएम अंकित कुमार, सिटी कोऑर्डिनेटर, सेंटर सुपरिंटेंडेंट, ड्यूटी मजिस्ट्रेट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

