किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे, सत्यापन कार्य में बरती जाए पूरी पारदर्शिता : डीसी
फरीदाबाद, 18 जून। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने गुरुवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत भारत कॉलोनी क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर मतदाता सत्यापन कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे गणना प्रपत्र वितरण एवं मतदाता सत्यापन अभियान की प्रगति की समीक्षा की तथा क्षेत्र के नागरिकों से सीधे संवाद कर फीडबैक प्राप्त किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. हनी बंसल भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त आयुष सिन्हा ने विभिन्न परिवारों से बातचीत कर यह सुनिश्चित किया कि गणना प्रपत्र सही व्यक्तियों तक पहुंच रहे हैं तथा मतदाता सूची में शामिल होने योग्य प्रत्येक नागरिक का सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने मतदाताओं से उनके स्थायी निवास, मतदान केंद्र तथा पूर्व में मतदान करने संबंधी जानकारी प्राप्त की और बीएलओ को निर्देश दिए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए।
डीसी ने उन मामलों की भी समीक्षा की, जिनमें नागरिक वर्तमान में जिले में निवास कर रहे हैं, जबकि उनका मतदाता पंजीकरण किसी अन्य जिले अथवा राज्य में दर्ज है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मतदाताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा मतदाता सूची को अद्यतन, सटीक और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र और दोहरे पंजीकरण जैसी विसंगतियों को समाप्त करना है। इसके लिए निर्वाचन विभाग, बीएलओ और सुपरवाइजर पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र के प्रत्येक परिवार तक पहुंच बनाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए। साथ ही नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सत्यापन अभियान में सक्रिय सहयोग करते हुए बीएलओ को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जिले की मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और सटीक बनाया जा सके।

