विश्व चैंपियन मनीषा गिरी एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी मोहित सम्मानित
फरीदाबाद। भारत स्वाभिमान ट्रस्ट फरीदाबाद, फरीदाबाद योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, आरडब्ल्यूए सेक्टर-16 एवं पार्षद श्री कुलदीप साहनी के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर-16 स्थित z पार्क में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह एवं भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ योग शिक्षक श्याम कुमार द्वारा कराया गया। इस अवसर पर आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम में योग खिलाड़ियों अंकिता, आराध्या, मेहर अनेजा एवं ऋषिका ने आकर्षक योगासन प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए जोरदार तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
आरडब्ल्यूए सेक्टर-16 के अध्यक्ष श्री अनुराग एवं सीनियर वाइस प्रेसिडेंट रविंद्र मंगल ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रह सकता है। पार्षद श्री कुलदीप साहनी ने सभी नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भारत स्वाभिमान ट्रस्ट फरीदाबाद के जिला अध्यक्ष श्री अंकुर सिंह ने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली का आधार है और इसके माध्यम से व्यक्ति अपने आहार, व्यवहार एवं दिनचर्या में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है।
कार्यक्रम में डॉ. हेमंत अत्री, डॉ. स्वातिक शर्मा, अजय कुमार, अनिल कुमार, अंकित, जतिन, श्वेता, नेहा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं योग प्रेमियों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर भारतीय सेना में सेवारत राष्ट्रीय स्तर के योग खिलाड़ी मोहित को उनकी खेल उपलब्धियों के लिए तथा विश्व योग चैंपियन मनीषा गिरी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। दोनों खिलाड़ियों का सम्मान उपस्थित नागरिकों के लिए प्रेरणा का केंद्र रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

