पलवल, 17 जुलाई। हरियाणा सरकार के “नशा मुक्त प्रदेश” अभियान के तहत हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की फरीदाबाद यूनिट ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11.32 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। ब्यूरो प्रमुख एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) संजय कुमार, आईपीएस के निर्देश पर प्रदेशभर में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
ब्यूरो प्रमुख ने कहा कि प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए नशा तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, फरीदाबाद यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज सांगवान ने बताया कि सहायक उप-निरीक्षक महेंद्र अपनी टीम के साथ थाना गदपुरी क्षेत्र में गश्त एवं नशा विरोधी अभियान पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति धतीर-यादपुर रोड पर अवैध हेरोइन बेचने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धतीर-यादपुर रोड पर नाकाबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 11.32 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जल सिंह उर्फ जिले पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी गांव धतीर, थाना गदपुरी, जिला पलवल के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना गदपुरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नशा तस्करी नेटवर्क तथा उससे जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
जनता से सहयोग की अपील
एचएसएनसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। यदि किसी व्यक्ति को नशा तस्करी या मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो वह टोल फ्री नंबर 1933, एनसीबी मानस पोर्टल (NCBMANAS.GOV.IN) अथवा हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 पर सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

