नया पल्ला पुल पर मामूली कहासुनी के बाद हुआ खूनी संघर्ष, एक घायल का अस्पताल में उपचार जारी
फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र के अंतर्गत नया पल्ला पुल पर ऑटो चालक की चाकू मारकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के महज कुछ घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है, जबकि घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 15/16 जुलाई की रात राहुल निवासी मोलड़बंद, दिल्ली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने साथियों दीपक और राजकुमार के साथ ऑटो से नया पल्ला पुल से दिल्ली बॉर्डर की ओर जा रहा था। ऑटो दीपक चला रहा था, राजकुमार आगे बैठा था, जबकि राहुल पीछे की सीट पर बैठा था।
इसी दौरान नया पल्ला पुल पर सरस्वती कॉलोनी निवासी मुकेश ने ऑटो के शीशे पर हाथ मारकर उसे रोकने का प्रयास किया। इस बात को लेकर मुकेश और राजकुमार के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मुकेश ने चाकू निकालकर राजकुमार पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे ऑटो चालक दीपक पर भी आरोपी ने सिर और पेट में ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए।
घटना में गंभीर रूप से घायल दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजकुमार को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए एशियन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पल्ला पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी मुकेश निवासी सरस्वती कॉलोनी, फरीदाबाद को वारदात के चंद घंटों के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने ऑटो रुकवाने के लिए उसके शीशे पर हाथ मारा था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में उसने राजकुमार और दीपक पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

