फुट ब्रिज, मेला गेट नंबर 3 के पास पुलिस ने बिछाया जाल, 8.90 ग्राम कोकीन हुई बरामद
फरीदाबाद, 05 अक्टूबर । हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की फरीदाबाद यूनिट ने सूरजकुंड मेला गेट नंबर 3 के पास एक विदेशी नागरिक को कोकीन सहित गिरफ्तार किया है।
कैसे हुई कार्रवाई
यूनिट इंचार्ज इन्स्पेक्टर संग्राम सिंह ने कहा की उनकी टीम को नशा-रोधी गश्त के दोरान सूरजकुंड गोल चक्कर पर एक मुखबिर ने सूचना दी कि घाना (अफ्रीका) का नागरिक विलनी कोकीन बेचने का काम करता है और वह उस समय अपनी नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी पर दिल्ली से सूरजकुंड रोड स्थित फुट ब्रिज गेट नंबर 3 के पास कोकीन बेचने आएगा।
सूचना को विश्वसनीय मानते हुए टीम ने इबीजा टाउन सोसाइटी के पास नाकाबंदी शुरू की। करीब रात 11:15 बजे बताई गई स्कूटी पर सवार एक व्यक्ति दिल्ली की तरफ से आता दिखा, जिसे इशारा कर रुकवाया गया। मुखबिर द्वारा पहचान किए जाने पर साथी कर्मचारियों की मदद से उसे काबू किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम विलनी पुत्र जोएफ, मूल निवासी घाना (अफ्रीका), हाल पता तुगलकाबाद, ओखला, दिल्ली बताया, लेकिन कोई पहचान पत्र पेश नहीं कर सका।
बरामदगी
आरोपी की तलाशी के दोरान उसके पास से मिले बैग से सफेद प्लास्टिक पाउच बरामद हुआ, जिसमें कोकीन पाई गई। आरोपी ने भी पूछताछ में पदार्थ को कोकीन होना स्वीकार किया और इसके लिए कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। डिजिटल तराजू से तौलने पर कुल वजन 8.90 ग्राम निकला, जो इंटरमीडिएट क्वांटिटी की श्रेणी में आता है। पुलिस ने कोकीन के साथ-साथ आरोपी की एक्टिवा स्कूटी व बैग को भी बतौर सबूत जब्त किया।
मामला दर्ज, जांच जारी
इस संबंध में थाना सूरजकुंड, फरीदाबाद में एफआईआर संख्या 480, दिनांक 05.10.2026, धारा 21बी-61-85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस अब आरोपी से कोकीन की आपूर्ति के स्रोत तथा दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय नेटवर्क के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है।
पुलिस अपील
इन्स्पेक्टर संग्राम सिंह ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस या एचएसएनसीबी के संज्ञान में लाएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

