– उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने ‘कैच द रेन 2026’ अभियान को सफल बनाने के लिए दिए आवश्यक निर्देश

– भारत सरकार की ओर से चलाया जा रहा है एक माह का राष्ट्रव्यापी ‘कैच द रेन’ अभियान

 

पलवल, 21 जुलाई। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय जल मिशन से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में जिले के सभी सरकारी विभागाध्यक्षों को ‘कैच द रेन 2026’ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मन की बात कार्यक्रम में वर्षा जल संचयन एवं जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया है। इसी क्रम में भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा देशभर में 4 जुलाई 2026 से एक माह का राष्ट्रव्यापी ‘कैच द रेन’ अभियान संचालित किया जा रहा है। सभी को इस अभियान में सहयोग देकर इसे जन आंदोलन बनाना चाहिए।

उपायुक्त ने सभी विभागों से वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन, तालाबों की सफाई एवं गहरीकरण, रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने तथा व्यापक स्तर पर पौधारोपण जैसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित करने को कहा गया है। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों, शहरी निकायों, स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी, एनएसएस, माय भारत, युवा संगठनों तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और अभियान से जुड़ी गतिविधियों का नियमित प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

उपायुक्त डा. छिल्लर ने जिले के सभी विभागाध्यक्षों से आह्वान किया है कि ‘कैच द रेन’ अभियान के अंतर्गत किए गए सभी कार्यों की प्रगति रिपोर्ट समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन से जुड़े सफल उदाहरणों का दस्तावेजीकरण किया जाए तथा उच्च गुणवत्ता वाले छायाचित्र भी साझा किए जाएं। इन सभी गतिविधियों को निर्धारित पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि अभियान की प्रगति का प्रभावी मूल्यांकन किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और जल संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाते हुए जिले में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को और अधिक प्रभावी एवं सफल बनाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📞 Phone: +91 9891990785                                    

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)