फरीदाबाद, 24 जुलाई। सेक्टर-2 स्थित विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को इन्वेस्टिचर सेरेमनी का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करना रहा।
इस वर्ष विद्यालय ने एक अभिनव पहल करते हुए हेड बॉय, हेड गर्ल एवं सभी हाउस कैप्टनों का चयन पूरी तरह लोकतांत्रिक मतदान प्रक्रिया के माध्यम से कराया। विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर छात्र प्रतिनिधियों का चुनाव किया। मतदान से पूर्व विद्यार्थियों को चुनाव प्रक्रिया का विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे वे मतदान की महत्ता, सही उम्मीदवार के चयन और प्रत्येक वोट के महत्व को समझ सकें। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य का जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना है, ताकि वे लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति संवेदनशील बनें और भविष्य में देश के चुनावों में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
मतगणना के बाद कक्षा 10-ए के प्रतीक को हेड बॉय तथा कक्षा 10-बी की कशिश को हेड गर्ल चुना गया। दोनों ने अपने-अपने पदों पर भारी मतों से जीत दर्ज की। वहीं चारों हाउस के कैप्टनों की भी घोषणा की गई। महानदी हाउस की कैप्टन कक्षा 9-बी की आशी, कृष्णा हाउस की कैप्टन कक्षा 9-बी की गीतांजलि, यमुना हाउस की कैप्टन कक्षा 9-ए की ख्याति तथा गंगा हाउस की कैप्टन कक्षा 9-ए की रुश्वी चुनी गईं। खेल गतिविधियों के लिए कक्षा 10-बी के लक्ष्य को स्पोर्ट्स कैप्टन (बॉयज) तथा कक्षा 10-ए की तनुल को स्पोर्ट्स कैप्टन (गर्ल्स) नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन धर्मपाल यादव, डायरेक्टर सुनीता यादव तथा प्रिंसिपल श्वेता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके उपरांत सभी नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर प्रिंसिपल श्वेता ने कहा कि किसी पद को प्राप्त करना महत्वपूर्ण नहीं, बल्कि उससे जुड़ी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करना अधिक महत्वपूर्ण है। डायरेक्टर सुनीता यादव ने सभी निर्वाचित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय में प्राप्त लोकतांत्रिक संस्कार और नेतृत्व के मूल्य उन्हें जीवनभर प्रेरित करेंगे तथा वे अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेंगे।
समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, उल्लास और गौरव का वातावरण बना रहा। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

