28 शिकायतों पर सुनवाई, संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
फरीदाबाद, 30 जुलाई (भाषा)। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में उपायुक्त आयुष सिन्हा ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य विभिन्न विभागों को एक ही छत के नीचे लाकर नागरिकों की शिकायतों का शीघ्र और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन जनसेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं तथा जनहित में यह पहल लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), भूमि पंजीकरण, समाज कल्याण पेंशन, राशन कार्ड, स्थानीय निकायों से नो-ड्यूज प्रमाण पत्र, भवन नक्शा स्वीकृति, बिजली, सिंचाई, जनस्वास्थ्य या आपराधिक मामलों से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या हो तो वे बिना किसी संकोच के समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
उपायुक्त ने बताया कि गुरुवार को आयोजित समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 28 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए। इनमें बैंकिंग सेवाओं का 1 मामला, सीआरआईडी विभाग के 9, विकास एवं पंचायत विभाग का 1, डीएचबीवीएनएल के 3, प्राथमिक शिक्षा विभाग का 1, माध्यमिक शिक्षा विभाग का 1, एफएमडीए का 1, एचएसवीपी का 1, नगर निगम फरीदाबाद के 5, पुलिस विभाग के 3 तथा राजस्व विभाग का 1 मामला शामिल रहा।
डीसी आयुष सिन्हा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन मामलों का मौके पर निस्तारण संभव है, उनका तत्काल समाधान किया जाए तथा जिन मामलों में विस्तृत प्रक्रिया आवश्यक है, उनमें भी अनावश्यक विलंब न होने दिया जाए।
उन्होंने नागरिकों से यह भी आग्रह किया कि जिन लोगों के परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में जन्म तिथि का सत्यापन लंबित है अथवा जन्म तिथि संबंधी त्रुटि है, वे आवश्यक सुधार एवं सत्यापन के लिए समाज कल्याण विभाग के संबंधित कार्यालय से संपर्क करें।
उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लघु सचिवालय में समाधान शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में नागरिकों की बढ़ती भागीदारी सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति जनता के विश्वास का प्रतीक है।
समाधान शिविर में सीटीएम अंकित कुमार, एचएचवीपी के राज्य अधिकारी प्रदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

