• 1 जुलाई 2026 को 18 वर्ष पूरा करने वाले युवाओ के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान
  • – हेल्प डेस्क और कॉल सेंटर रहेंगे प्रभावी
  • स्वीप गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को मतदान के प्रति किया जाएगा जागरूक
  • मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ की एसआईआर-2026 अभियान की समीक्षा बैठक

 

फरीदाबाद, 30 जुलाई। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने राज्य के सभी मंडल आयुक्तों, जिला निर्वाचन अधिकारियों तथा निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची से संबंधित सभी कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध रूप से संपन्न किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया लोकतंत्र की आधारशिला है और प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही रूप में मतदाता सूची में शामिल होना सुनिश्चित करना निर्वाचन तंत्र की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने आज गुरूवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान की प्रगति की समीक्षा की।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी 29 मई के दिशा-निर्देशों के अनुसार मंडल आयुक्तों को निर्वाचन रोल पर्यवेक्षक के रूप में अपने-अपने मंडलों के सभी जिलों का पूर्व निरीक्षण करना होगा तथा दावा एवं आपत्ति अवधि, निस्तारण प्रक्रिया और अंतिम कार्य प्रतियों के सत्यापन की चरणबद्ध रिपोर्ट राज्य मुख्यालय को भेजनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट में आयोग द्वारा निर्धारित चेकलिस्ट के प्रत्येक बिंदु का समावेश होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया 31 जुलाई से 30 अगस्त तक चलेगी, जबकि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन से लेकर अंतिम प्रकाशन तक की प्रक्रिया 28 सितंबर तक जारी रहेगी। इस दौरान सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित कर प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध कराने, आवश्यक जानकारी साझा करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी सूचियों का सार्वजनिक प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि 1 जुलाई 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं। इसके लिए स्वीप गतिविधियों, शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रमों तथा समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान जिला स्तर पर हेल्प डेस्क और कॉल सेंटर प्रभावी रूप से कार्य करें ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें समय पर आवश्यक जानकारी एवं सहायता मिल सके। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों से प्रतिदिन समीक्षा कर फीडबैक लेने तथा किसी भी प्रकार की शिकायत या नकारात्मक प्रतिक्रिया को तुरंत दूर करने को कहा।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन, राजनीतिक दलों के साथ समन्वय, नोटिस वितरण, हेल्प डेस्क संचालन तथा दावों एवं आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार कर संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची की दो प्रतियां प्राप्त हो चुकी हैं तथा शेष प्रतियां भी शीघ्र प्राप्त हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रारूप मतदाता सूची को निर्धारित स्थानों पर प्रदर्शित किया जाएगा तथा जिला प्रशासन की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया जाएगा ताकि सभी मतदाता और राजनीतिक दल आसानी से उसका अवलोकन कर सकें।

उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक निर्धारित की गई है, जिसमें उन्हें प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध कराई जाएंगी और पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी साझा की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी एईआरओ, ईआरओ तथा बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है और प्रत्येक मामले की जांच निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी। प्रत्येक निर्णय स्पष्ट एवं कारणयुक्त आदेश (स्पीकिंग ऑर्डर) के आधार पर ही लिया जाएगा ताकि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है तथा निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। फरीदाबाद जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ संपन्न कर प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करने का अवसर सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, एसडीएम फरीदाबाद हनी बंसल, सीईओ जिला परिषद शिखा, संपदा अधिकारी (एचएसवीपी) नवीन कुमार, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📞 Phone: +91 9891990785                                    

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)