पार्टी में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होगी, लगातार अनुपस्थित पदाधिकारियों पर होगी कार्रवाई: राव नरेन्द्र

 

फरीदाबाद, 30 जुलाई। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेन्द्र ने गुरुवार को फरीदाबाद में जिला कांग्रेस कार्यालय में छह विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं, नेताओं एवं पदाधिकारियों की बैठक लेकर संगठन की समीक्षा की। बैठक का उद्देश्य पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना, संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय बनाना तथा आगामी चुनावों की तैयारियों को गति देना रहा।

बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने अपनी टीम के साथ दोनों नेताओं का स्वागत किया। इसके बाद प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने एक-एक कर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार और क्षेत्रीय गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने भी संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों और सुझावों को खुलकर नेताओं के समक्ष रखा।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ को मजबूत करने, कांग्रेस की नीतियों और पूर्ववर्ती सरकारों के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मेहनती कार्यकर्ताओं को संगठन में पूरा सम्मान मिलेगा तथा सभी वर्गों और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेन्द्र ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से निराश है और हर वर्ग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा लीक मामले के विरोध में छात्रों पर लाठीचार्ज कर सरकार ने लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि संसद में भी विपक्ष के नेता राहुल गांधी को इस मुद्दे पर बोलने से रोका गया। उन्होंने सरकार से छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।

राव नरेन्द्र ने कहा कि प्रदेशभर में संगठन सुदृढ़ीकरण अभियान चलाया जा रहा है और सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जो पदाधिकारी लगातार तीन बैठकों से अनुपस्थित रहेंगे, उनके स्थान पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाएगा।

पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के सम्मान और सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए समर्पित और जमीनी कार्यकर्ताओं को आगे लाना होगा तथा व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर संगठन हित में कार्य करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि फरीदाबाद में कांग्रेस की मजबूती प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का आधार बनेगी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने बैठक में जिले की संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए विश्वास दिलाया कि फरीदाबाद में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है और पार्टी की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से जुटे हैं।

बैठक में पूर्व विधायक नीरज शर्मा, विजय प्रताप सिंह, जेपी नागर, रोहित नागर, लखन कुमार सिंगला, पराग शर्मा, तरुण तेवतिया, सुमित गौड़, मास्टर ऋषिपाल, सत्यवीर डागर, मुकेश डागर, विनोद कौशिक, मनोज अग्रवाल, जगत सिंह नागर एडवोकेट, नितिन सिंगला, उमेश कौशिक, नीरज गुप्ता, रोहित सिंगला, डा. एस.एल. शर्मा, अनिल शर्मा, रेनू चौहान, वेद यादव, योगेश ढींगड़ा, गौरव ढींगड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📞 Phone: +91 9891990785                                    

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)