भारत मंडपम से दिया खेल और पर्यावरण के समन्वय का संदेश, कहा- आधुनिक खेल अवसंरचना, सस्टेनेबिलिटी और युवा शक्ति से भारत बनेगा वैश्विक खेल महाशक्ति

 

नई दिल्ली, 1 अगस्त। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने शनिवार को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स एंड सस्टेनेबिलिटी कॉन्क्लेव-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। Let’s Do It India Foundation एवं Green Hockey AG, Switzerland के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विभिन्न देशों के राजनयिकों, नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, खेल प्रशासकों, पर्यावरण विशेषज्ञों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों ने भाग लिया।

सम्मेलन में खेल, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को एक साझा मंच पर लाकर भविष्य की वैश्विक खेल संस्कृति, हरित खेल अवसंरचना और नवाचारों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि भारत मंडपम जैसे विश्वस्तरीय मंच पर खेल और पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को एक साथ जोड़ने का प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आज विश्व को ऐसी खेल व्यवस्था की आवश्यकता है, जो उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के मूल्यों को भी समान महत्व दे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती खेल प्रतिभाओं की जननी रही है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुश्ती, मुक्केबाजी, हॉकी, एथलेटिक्स, शूटिंग सहित अनेक खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियां खिलाड़ियों की मेहनत, राज्य सरकार की दूरदर्शी खेल नीति, आधुनिक खेल सुविधाओं और निरंतर प्रोत्साहन का परिणाम हैं।

विपुल गोयल ने कहा कि हरियाणा सरकार का लक्ष्य केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि गांव-गांव में छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक खेल अवसंरचना और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में खेल सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है, ताकि हरियाणा भविष्य में भी देश का अग्रणी खेल राज्य बना रहे।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2036 की खेल आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए हरियाणा आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ-साथ सस्टेनेबल स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर विशेष बल दे रहा है। ग्रीन स्टेडियम, पर्यावरण अनुकूल स्पोर्ट्स अकादमियां, स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी स्टार्टअप्स तथा स्थानीय विनिर्माण को बढ़ावा देकर खेल विकास को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाला समय हरित खेल अवसंरचना का होगा और हरियाणा इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ अभियान ने देश में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान की है, जबकि ‘मिशन लाइफ (Lifestyle for Environment)’ ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का स्वरूप दिया है। खेल और पर्यावरण का यह समन्वय आत्मनिर्भर, विकसित और हरित भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला बनेगा।

उन्होंने Green Hockey AG, Switzerland का स्वागत करते हुए कहा कि अमेरिका और यूरोप में सस्टेनेबल स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के बाद संस्था का भारत आगमन देश के खेल क्षेत्र के लिए नई संभावनाएं लेकर आया है। इससे पर्यावरण अनुकूल खेल परिसरों, आधुनिक तकनीकों और वैश्विक सहयोग को नई गति मिलेगी।

विपुल गोयल ने Let’s Do It India Foundation की सराहना करते हुए कहा कि एक छोटे से वेस्ट मैनेजमेंट अभियान से शुरू हुई यह संस्था आज वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण और सस्टेनेबिलिटी की सशक्त पहचान बन चुकी है। संस्था ने जनभागीदारी के माध्यम से भारत को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विश्व पटल पर सकारात्मक पहचान दिलाने का उल्लेखनीय कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल स्पोर्ट्स एंड सस्टेनेबिलिटी कॉन्क्लेव-2026 केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि खेल, पर्यावरण, तकनीक और वैश्विक सहयोग को जोड़ने वाला एक प्रभावी मंच है। ऐसे आयोजन नए विचारों, नवाचारों और साझेदारियों को बढ़ावा देंगे, जिससे भारत का खेल ढांचा अधिक आधुनिक, तकनीक-संपन्न और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनेगा।

कैबिनेट मंत्री ने हरियाणा सरकार की ओर से सस्टेनेबल स्पोर्ट्स परियोजनाओं, ग्रीन स्टेडियम और पर्यावरण अनुकूल खेल अवसंरचना के विकास के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भविष्य में भी इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

कार्यक्रम के समापन पर विपुल गोयल ने Let’s Do It India Foundation के संस्थापक प्रो. पंकज चौधरी तथा निदेशक रामजय सिंह खटाना को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता और सतत विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी हैं। उन्होंने संस्था से जुड़े सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके सामूहिक प्रयास भारत को स्वच्छ, हरित और सतत विकास की दिशा में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

अंत में कैबिनेट मंत्री ने आयोजन समिति, Green Hockey AG, Let’s Do It India Foundation तथा देश-विदेश से आए सभी प्रतिनिधियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह कॉन्क्लेव भारत को खेल और सस्टेनेबिलिटी के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📞 Phone: +91 9891990785                                    

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)