– पेंटिंग, रंगोली, क्विज़ और भाषण प्रतियोगिताओं से सजा हर घर तिरंगा अभियान
– गवर्नमेंट वूमेन कॉलेज में ‘विभाजन : एक सच’ विषय पर विद्यार्थियों को किया जागरूक
– 17 अगस्त तक घर-घर तिरंगा फहराने के लिए जिला प्रशासन का नागरिकों से आह्वान
फरीदाबाद, 12 अगस्त। उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में तथा जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शिखा की अध्यक्षता में जिला में 9 से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों में आज देशभक्ति की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से तिरंगा यात्राएं, साइकिल रैलियां, शपथ समारोह, पेंटिंग, रंगोली, क्विज़, भाषण तथा व्याख्यान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
अभियान के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छायंसा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सारण, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पावटा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दयालपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीकरी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फिरोजपुर कलां, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पाली, राजकीय आदर्श कन्या माध्यमिक विद्यालय एनआईटी-5, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खंडावली तथा गोवेर्मेंट सीनियर सेकंडरी स्कूल भूपानी सहित अनेक विद्यालयों में तिरंगा यात्राएं और देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वृंदा इंटरनेशनल स्कूल, विद्या सागर इंटरनेशनल स्कूल, सेंट पीटर स्कूल सेक्टर-16ए, सरस्वती ग्लोबल स्कूल तथा ग्रैंड कोलंबस अंतरराष्ट्रीय विद्यालय सेक्टर-16ए में छात्र-छात्राओं ने तिरंगा रैलियों में भाग लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। विशेष रूप से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पावटा में छात्राओं द्वारा निकाली गई तिरंगा रैली आकर्षण का केंद्र रही।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दयालपुर से तिरंगा साइकिल रैली निकाली गई, जबकि गोवेर्मेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकंडरी स्कूल सेक्टर-55 एवं सरकारी गर्ल्स मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों ने देशभक्ति आधारित गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की।
इसके अतिरिक्त गोवेर्मेंट सीनियर सेकंडरी स्कूल मांगर में पेंटिंग प्रतियोगिता, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फरीदपुर में रंगोली प्रतियोगिता तथा राजकीय महाविद्यालय खेड़ी गुजरान में क्विज़ एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल एनआईटी-3 में ‘भारत विभाजन’ विषय पर व्याख्यान आयोजित हुआ, वहीं गोवेर्मेंट वुमन कॉलेज में ‘विभाजन : एक सच’ विषय पर विशेष व्याख्यान कार्यक्रम संपन्न हुआ। जीसी तिगांव में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने राष्ट्र निर्माण एवं तिरंगे के सम्मान की शपथ ली।
कार्यक्रमों के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, राष्ट्रीय ध्वज के महत्व तथा संविधान में निहित नागरिक कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति गीतों और नारों के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
जिला प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों, प्राचार्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक जिम्मेदारी और देश के प्रति गौरव की भावना को और अधिक मजबूत करते हैं। प्रशासन ने नागरिकों से 17 अगस्त तक चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी कर अपने घरों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।


