-जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने यातायात के लिए जारी की एडवाइजरी
पलवल, 12 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में 13 अगस्त को पलवल में लगभग पांच किलोमीटर लंबी विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तिरंगा यात्रा जिला पुलिस लाइन पलवल से शुरू होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से होते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में संपन्न होगी।
तिरंगा यात्रा के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे, इसके लिए पलवल पुलिस की ओर से विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। 13 अगस्त को सुबह 6 बजे से 11 बजे तक यात्रा के मद्देनजर कुछ प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा।
वैकल्पिक मार्गों का करें प्रयोग :
बामणीखेड़ा से आगरा चौक पलवल की ओर आने वाला मुख्य मार्ग तिरंगा यात्रा के दौरान अत्यधिक व्यस्त रहेगा। होडल से पलवल-फरीदाबाद-दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहन बाबरी मोड़ से उटावड़-हथीन रोड का प्रयोग करें। बामणीखेड़ा से पलवल-फरीदाबाद-दिल्ली जाने वाले वाहन सेलोटी एवं रसूलपुर होकर पलवल रोड का उपयोग करें। इसी प्रकार औरंगाबाद से पलवल-फरीदाबाद की ओर जाने वाले वाहन कोंडल-बहीन होते हुए हथीन रोड से जाएं। हसनपुर की ओर से आने वाले वाहन बामणीखेड़ा पुल से सेलोटी-रसूलपुर होकर पलवल रोड का प्रयोग करें। दीघोट-बामणीखेड़ा मार्ग पर जाने से बचते हुए अतवा-बड़ौली रोड का विकल्प अपनाने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि तिरंगा यात्रा के दौरान शहर के मुख्य मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें। जिला प्रशासन ने नागरिकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और यात्रा को देशभक्ति, अनुशासन एवं उत्साह के साथ सफल बनाने की अपील की है।

