थाना सेक्टर-31 पुलिस की कार्रवाई, बाइक हटाने को लेकर हुआ था विवाद; बीच-बचाव करने आए युवक के पेट पर नुकीली धारदार वस्तु से किया हमला
फरीदाबाद, 20 अगस्त। थाना सेक्टर-31 पुलिस ने रास्ता रोककर मारपीट करने तथा बीच-बचाव करने आए युवक को पेट में चाकू मारकर घायल करने के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आशुतोष कुमार और ब्रजेश, निवासी राजीव नगर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। ब्रजेश को जेल भेज दिया गया है वहीं आशुतोष को 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार राजीव नगर, सेक्टर-31 निवासी राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15/16 अगस्त की रात वह ड्यूटी से अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान आशुतोष नामक युवक की बाइक रास्ते में खड़ी थी। बाइक हटाने को लेकर राहुल और आशुतोष के बीच कहासुनी हो गई। उस समय राहुल अपने घर चला गया।
शिकायत के अनुसार, कुछ समय बाद राहुल अपने दोस्त संदीप और भांजे साहिल के साथ किसी काम से गली से जा रहा था तो आशुतोष ने अपने साथियों के साथ उनका रास्ता रोक लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर राहुल का भाई अनिल मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। इसी दौरान आशुतोष ने अपने अन्य साथियों विक्की उर्फ चौटाला और ब्रजेश को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी आरोपितों ने राहुल व उसके साथ मौजूद लोगों के साथ मारपीट की। बीच-बचाव कर रहे राहुल के भाई अनिल पर आशुतोष ने हाथ में ली हुई नुकीली धारदार वस्तु से पेट पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-31 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान थाना सेक्टर-31 की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 19 अगस्त को आशुतोष कुमार और ब्रजेश को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल को रास्ते से हटाने को लेकर कहासुनी हुई थी, उसके बाद आरोपित आशुतोष अपने घर जाकर अन्य साथियों के साथ मौके पर आकर झगड़ा करने लगा और बीच बचाव करने आए अनिल को पेट में चाकू मार दिया। मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई है। चाकू बरामद करने के लिए आशुतोष को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है

