समय पर हुई सर्जरी से किडनी फंक्शन को सुरक्षित रखने में मिली मदद, बार-बार बुखार, दस्त और पेशाब कम आने की शिकायत के बाद अस्पताल में कराया गया था भर्ती
फरीदाबाद, 26 अगस्त 2026। फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल, फरीदाबाद के चिकित्सकों ने मूत्र मार्ग में रुकावट की दुर्लभ जन्मजात समस्या लेफ्ट प्राइमरी ऑब्सट्रक्टिव मेगायूरेटर से पीड़ित एक वर्षीय शिशु की जटिल रीकंस्ट्रक्टिव सर्जरी सफलतापूर्वक की। समय पर किए गए उपचार से शिशु के बाएं गुर्दे के कार्य को सुरक्षित रखने में मदद मिली।
इस जटिल सर्जरी को फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल, फरीदाबाद के डायरेक्टर यूरोलॉजी डॉ. अनूप गुलाटी ने डायरेक्टर पेडियाट्रिक्स डॉ. अमित गुप्ता के नेतृत्व वाली पेडियाट्रिक टीम के सहयोग से अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, शिशु को करीब एक महीने से बार-बार बुखार, दस्त और पेशाब कम आने की शिकायत थी। समस्या बढ़ने पर उसे फोर्टिस एस्कॉर्ट्स फरीदाबाद में भर्ती कराया गया। विस्तृत जांच में चिकित्सकों ने पाया कि बच्चे के बाएं गुर्दे से मूत्र को मूत्राशय तक पहुंचाने वाली नली यानी यूरेटर असामान्य रूप से काफी फैल गई थी और मूत्राशय से जुड़ने वाले स्थान पर उसमें रुकावट थी।
इस अवरोध के कारण मूत्र गुर्दे में जमा होने लगा था, जिससे गुर्दे को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ गंभीर संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया था।
चिकित्सकीय जांच के बाद यूरोलॉजी टीम ने मिनिमली इनवेसिव लैप्रोस्कोपिक सर्जरी की। इस दौरान गुर्दे से मूत्राशय तक मूत्र पहुंचाने वाली असामान्य रूप से बढ़ी हुई नली को दोबारा आकार देकर मूत्राशय में पुनः प्रत्यारोपित किया गया। अवरोध को दूर करने के बाद मूत्र के सामान्य प्रवाह को बनाए रखने के लिए घाव भरने की अवधि में एक छोटी अस्थायी नली यानी स्टेंट भी लगाई गई।
सर्जरी के बाद शिशु की रिकवरी सामान्य रही। चिकित्सकों की निगरानी, आवश्यक देखभाल और एंटीबायोटिक उपचार के बाद तीन दिन में बच्चे को स्थिर एवं स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इस मामले की जानकारी देते हुए डॉ. अनूप गुलाटी, डायरेक्टर, यूरोलॉजी, फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल, फरीदाबाद ने कहा, “प्राइमरी ऑब्सट्रक्टिव मेगायूरेटर बच्चों में होने वाली एक दुर्लभ स्थिति है। समय पर उपचार न मिलने पर इससे बार-बार संक्रमण हो सकता है और धीरे-धीरे किडनी फंक्शन प्रभावित हो सकता है। इस मामले में समय पर निदान और सर्जरी से ब्लॉकेज को दूर करने तथा बच्चे के किडनी फंक्शन को सुरक्षित रखने में मदद मिली। सर्जरी के बाद बच्चे की रिकवरी अच्छी रही और उसे स्थिर अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।”
डॉ. अमित गुप्ता, डायरेक्टर, पेडियाट्रिक्स, फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल, फरीदाबाद ने कहा, “इस तरह की दुर्लभ मूत्र मार्ग संबंधी समस्या वाले बच्चों में बुखार और पेट की खराबी जैसे सामान्य एवं गैर-विशिष्ट लक्षण दिखाई दे सकते हैं, जिससे बीमारी के वास्तविक कारण की पहचान में देरी हो सकती है। विस्तृत पेडियाट्रिक जांच से समस्या के मूल कारण की पहचान करने, संक्रमण का उपचार करने और बच्चे को सर्जरी के लिए तैयार करने में मदद मिली।”
डॉ. अभिषेक शर्मा, फैसिलिटी डायरेक्टर, फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल, फरीदाबाद ने कहा, “कम उम्र के बच्चों में जटिल मामलों के सफल उपचार के लिए उन्नत इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ उपयुक्त क्लीनिकल वातावरण और विशेषज्ञों की समन्वित टीम आवश्यक होती है। इस मामले में मिली सफलता बच्चों में जटिल सर्जिकल प्रक्रियाओं को सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से करने की हमारी क्षमता को दर्शाती है।”
फोर्टिस हेल्थकेयर लिमिटेड के बारे में
फोर्टिस हेल्थकेयर लिमिटेड भारत की अग्रणी एकीकृत स्वास्थ्य सेवा प्रदाता कंपनियों में से एक है। कंपनी के हेल्थकेयर वर्टिकल्स में मुख्य रूप से अस्पताल, डायग्नॉस्टिक्स और डे-केयर विशेषज्ञ सेवाएं शामिल हैं। वर्तमान में कंपनी देश के 12 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में संयुक्त उपक्रम (JV) और ऑपरेशन एंड मैनेजमेंट (O&M) सहित कुल 36 हेल्थकेयर सुविधाओं का संचालन करती है। कंपनी के नेटवर्क में 6,150 से अधिक ऑपरेशनल बेड्स (O&M सहित) और 400 डायग्नॉस्टिक्स लैब्स शामिल हैं।

