नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पीवीआर चाणक्यपुरी में 16 सितंबर को क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दायरा’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस मौके पर बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारनऔर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक मेघना गुलजार मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान करीना कपूर खान ने फिल्म में अपने पुलिस अधिकारी डीसीपी अजूनी कोहली के किरदार को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि ‘दायरा’ में उनका रोल महिला पुलिस अधिकारियों से जुड़े पुराने स्टीरियोटाइप को तोड़ता है।
करीना ने कहा कि आमतौर पर फिल्मों में महिला पुलिस को एक सख्त, मर्दाना अंदाज़ में दिखाया जाता है—एक खास चाल-ढाल, रफ टफ व्यक्तित्व और एक्शन पर जोर। लेकिन ‘दायरा’ में उनका किरदार इससे बिल्कुल अलग है।
उन्होंने बताया, “मेघना गुलजार शुरू से ही स्पष्ट थीं कि वह फिल्म में एक महिला पुलिस अधिकारी को केंद्र में रखना चाहती हैं। अजूनी कोहली एक ऐसी महिला है जो अपनी फेमिनिन पहचान को बनाए रखते हुए बेहद सख्ती और संवेदनशीलता के साथ अपना काम करती है। वह लिपस्टिक लगाती है, मुस्कुराती है, लेकिन अपने फैसलों में पूरी तरह दृढ़ है।”
फिल्म ‘दायरा’ कई सच्ची घटनाओं से प्रेरित एक पुलिस प्रोसीजरल ड्रामा है, जो न्याय के दो अलग-अलग नजरियों को दिखाती है। कहानी में एक गैंगरेप और मर्डर केस की जांच के दौरान दो अधिकारियों—डीसीपी अजूनी कोहली (करीना कपूर) और डीसीपी रमन कुमार (पृथ्वीराज सुकुमारन)—के दृष्टिकोण सामने आते हैं।
निर्देशक मेघना गुलजार, जो इससे पहले ‘तलवार’ और ‘छपाक’ जैसी संवेदनशील विषयों पर आधारित फिल्में बना चुकी हैं, इस फिल्म के जरिए एक बार फिर सिस्टम, जिम्मेदारी और समाज की सोच पर सवाल उठाती नजर आती हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद मीडिया ने फिल्म की कहानी, किरदारों और विषय की गंभीरता को लेकर कई सवाल पूछे, जिनका कलाकारों और निर्देशक ने विस्तार से जवाब दिया।
‘दायरा’ को एक मजबूत विषय, दमदार अभिनय और अलग सोच के साथ आने वाली फिल्म के रूप में देखा जा रहा है, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर करेगी।

