राजपाल शर्मा लगातार तीसरी बार बने प्रधान
फरीदाबाद। सेक्टर-31 साउथ ब्लॉक रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ। खास बात यह रही कि अब तक हुए चारों चुनावों में कार्यकारिणी का चुनाव निर्विरोध हुआ है। जहां राजपाल शर्मा को लगातार तीसरी बार प्रधान तथा वीरेन्द्र पोसवाल को लगातार चौथी बार उपप्रधान चुना गया। चुनाव अधिकारियों एडवोकेट प्रमोद कुमार शर्मा, एडवोकेट उदय राम शर्मा एंव देव दत्त शर्मा की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया पूरी की गई।
नई कार्यकारिणी में अंशुमन शर्मा को महासचिव, गुलजारी लाल वर्मा को संयुक्त सचिव तथा अशोक कुमार अरोड़ा को लगातार तीसरी बार कोषाध्यक्ष चुना गया।
कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में खिलेन्दर कुमार शर्मा, राजीव मोहन कुकरेजा, चांद राम, दिनेश परुथी, मनोज कुमार मिश्रा, ओम सिंह, नील कमल शर्मा, नवदीप चपराना, हिमांशु अग्रवाल, अशोक कुमार नय्यर, बलदेव राज गांधी, गौरव मित्तल, विकास श्योराण, तिर्लोकी नाथ खन्ना, सुधीर कुमार गोयल एंव भरत सिंह को निर्विरोध विजेता घोषित किया गया। नई टीम का कार्यकाल तीन वर्ष रहेगा।
इस मौके पर वार्ड नंबर 30 के पार्षद अनिल नागर, सेक्टर-31 नॉर्थ ब्लॉक के प्रधान राकेश धनखड़ ने नई टीम को लड्डू खिलाकर खुशी जाहिर की। नई कार्यकारिणी के सदस्यों ने क्षेत्र के निवासियों के हित में मिलकर कार्य करने तथा आरडब्लूए से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाने की प्रतिबद्धता जताई।

