27 सितंबर को सूरजकुंड में आयोजित होगी हाफ मैराथन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे फ्लैग ऑफ — तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

 

फरीदाबाद, 21 सितंबर। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों सहित विभिन्न गतिविधियों को भी बेहतर तरीके से आयोजित किया जाए, ताकि फरीदाबाद हाफ मैराथन जिले के इतिहास में एक यादगार आयोजन के रूप में दर्ज हो। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के निर्देश दिए।

डीसी आयुष सिन्हा ने आगामी 27 सितंबर को सूरजकुंड में आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 की तैयारियों का सोमवार को जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण करते हुए अब तक की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन फरीदाबाद में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि मैराथन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए प्रतिभागियों को फ्लैग ऑफ करेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न गणमान्य अतिथियों एवं प्रतिष्ठित हस्तियों के शामिल होने की भी संभावना है। उन्होंने कहा कि कई प्रसिद्ध फिल्मी एवं खेल जगत की हस्तियों द्वारा भी मैराथन को अपना समर्थन दिया गया है, जिससे युवाओं में इस आयोजन को लेकर उत्साह और बढ़ा है।

डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 को लेकर जिलेवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मैराथन के लिए अब तक 1,27,030 से अधिक प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में प्रतिभागियों का जुड़ना इस आयोजन को केवल एक खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखता, बल्कि यह स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का अवसर भी है।

डीसी ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आयोजित की जा रही फरीदाबाद हाफ मैराथन का संदेश भी ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ की दिशा में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। उन्होंने जिलावासियों, विशेषकर युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस मैराथन में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथन में 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। मैराथन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और अब तक एक लाख से अधिक प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए होल्डिंग एरिया, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित किया जाए।

डीसी ने मैराथन रूट की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे रूट को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार रखा जाए। रूट पर मेडिकल सुविधाओं, एंबुलेंस तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा प्रतिभागियों एवं दर्शकों की सुविधा के लिए आवश्यक स्थानों पर साइनेज, बैरिकेडिंग एवं अन्य व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📞 Phone: +91 9891990785                                    

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)