– 18 अक्टूबर तक चलने वाले फिल्म फेस्टिवल में 13 को दिखाई जाएगी फिल्म
– साऊथ एशिया का सबसे बड़ा फिल्म फेस्टिवल है आईएफएफएसए टोरंटो

 

रोहतक। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) द्वारा प्रोड्यूस शॉर्ट फिल्म ‘टू शोर्स’ की स्क्रीनिंग टोरंटो में 13 अक्टूबर को की जाएगी। यह स्क्रीनिंग 8 अक्टूबर से शुरू होकर 18 अक्टूबर तक चलने वाले 15वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ साऊथ एशिया (आईएफएफएसए) के तहत होगी। आईएफएफएसए को साऊथ एशिया का सबसे बड़ा फिल्म फेस्टिवल माना जाता है।

फिल्म एवं टेलीविजन फैकेल्टी के एफसी महेश टीपी ने बताया कि ‘टू शोर्स’ का लेखन व निर्देशन 7वें सेमेस्टर के दौरान एक्टिंग कोर्स के छात्र गौतम चौधरी ने किया है। यह शॉर्ट फिल्म छात्रों के कोर्स के हिस्से के तौर पर तैयार की गई। उन्होंने बताया कि फिल्म की कहानी का एक पहलू गरीब किसान परिवार का संघर्ष और दूसरा पहलू युवा पीढ़ी के विदेश जाने के सपनों के इर्द-गिर्द घूमता है। इसमें दिखाया गया है कि डॉलर कमाने की चाह में युवा जब गैरकानूनी तरीके से विदेश जाते हैं तो उनके परिवारों और खुद उनके जीवन पर क्या असर पड़ता है। सुख-दुख के दो पहलुओं को केंद्र में रखकर कहानी को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने बताया कि सुपवा द्वारा प्रॉड्यूस ‘टू शोर्स’ को हमारे छात्रों ने ही तैयार किया है। इसमें गौतम चौधरी, मिताली, दीप्ति अहलावत, कृष्ण मलिक, लक्ष्य सैनी आदि ने अभिनय किया है। इसके फोटोग्राफी निर्देशक हर्षित ढल रहे, जबकि प्रॉडक्शन डिजाइनर सुख बावा रहे। एडिटिंग की कमान यश चोपड़ा ने संभाली, लोकेशन साउंड रिकॉर्डिस्ट रवि मदीना व साउंड डिजाइनर गौतम बैनीवाल रहे।

कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने कहा कि छात्रों द्वारा तैयार की गई फिल्मों का इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में पहुंचना सुपवा परिवार के लिए गर्व की बात है। इससे साबित होता है कि हमारे पास विश्वस्तरीय संसाधन मौजूद हैं, जिनसे छात्र हूबहू उसी पैटर्न पर फिल्म व डॉक्यूमेंट्री का निर्माण करते हैं, जैसे बॉलीवुड या हॉलीवुड में किसी मूवी का निर्माण होता है। डॉ आर्य ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में सुपवा व यहां के छात्रों की शॉर्ट फिल्म का चयन होना हर किसी के लिए गर्व की बात है। फिल्म के कलाकारों व बाकी क्रू ने इसके लिए कड़ी मेहनत की। उम्मीद है यह शॉर्ट फिल्म ज्यूरी सदस्यों का अपनी ओर ध्यान आकर्षित करते हुए अवार्ड हासिल करेगी। विदित रहे कि ‘टू शोर्स’ की इससे पहले 19 सितंबर को जागरण फिल्म फेस्टिवल के तहत आगरा में भी स्क्रीनिंग हो चुकी है, जहां फिल्म को काफी सराहना मिली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📞 Phone: +91 9891990785                                    

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)