विजय रामलीला कमेटी की श्रीराम बारात का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर किया गया स्वागत, आज होगा श्रीराम वनवास और कैकेयी-दशरथ संवाद
फरीदाबाद। विजय रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित श्रीराम बारात में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शाम छह बजे सिद्ध पीठ श्री हनुमान मंदिर, 1-बी ब्लॉक से ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ श्रीराम बारात का शुभारंभ हुआ। बारात में शहर की कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। ढोल-नगाड़ों की थाप, डीजे पर गूंजते भक्ति गीतों और ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
भगवान श्रीराम सहित चारों भाई अपने-अपने घोड़ों पर सवार होकर बारात की शोभा बढ़ा रहे थे। बारात के मार्ग में जगह-जगह क्षेत्रवासियों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। गली-मोहल्लों में आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने नाचते-गाते हुए इस धार्मिक यात्रा में भाग लिया।
ऐतिहासिक मंच पर मनाई गई ‘शगनों की रात’
श्रीराम बारात के बाद देर रात विजय रामलीला कमेटी के ऐतिहासिक मंच पर भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह का उत्सव ‘शगनों की रात’ पर्व के रूप में मनाया गया। कमेटी की इस परंपरा के तहत श्रीराम और माता सीता की युगल जोड़ी को ढोल-बाजों के साथ नाचते-गाते हुए मुख्य द्वार से मंच तक लाया गया। इसके बाद उन्हें भव्य मंच पर विराजमान कराया गया।
श्रीराम की भूमिका में निशांत नागपाल और माता सीता की भूमिका में दीपांशी अरोड़ा ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। विवाह उत्सव के दौरान मंगल गीतों ने माहौल को और भी भावपूर्ण बना दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं को मंच पर पहुंचकर माथा टेकने और अरदास करने का अवसर भी दिया गया।
संगीत गायक मनोज कुमार मोंटी ने शगुन और विवाह से जुड़े गीतों की प्रस्तुति देकर रामलीला मैदान में विवाह समारोह जैसा माहौल बना दिया। श्रद्धालु देर तक भक्ति गीतों पर झूमते रहे। कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
आज होगा श्रीराम वनवास का मंचन
विजय रामलीला कमेटी की ओर से आज इसी ऐतिहासिक मंच पर श्रीराम वनवास की लीला का मंचन किया जाएगा। इसमें कैकेयी द्वारा राजा दशरथ से अपने वरदान मांगने और उसके परिणामस्वरूप श्रीराम के वनवास जाने के प्रसंग को प्रस्तुत किया जाएगा। राजा दशरथ की भूमिका में कमेटी के वरिष्ठ कलाकार एवं मीडिया प्रभारी कमल सलूजा नजर आएंगे।

