फरीदाबाद। नवरात्र के पांचवें दिन फरीदाबाद स्थित श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर में मां स्कंदमाता की भव्य पूजा-अर्चना की गई। इस पावन अवसर पर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने मां के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और पूरा परिसर माता रानी के जयकारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां स्कंदमाता की पूजा-अर्चना की तथा हवन-यज्ञ में भाग लेकर आहुतियां अर्पित कीं। भक्तों ने मां के चरणों में अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने मां स्कंदमाता की महिमा का बखान करते हुए कहा कि नवरात्र के पांचवें दिन मां स्कंदमाता की आराधना का विशेष महत्व है। मां स्कंदमाता को भगवान कार्तिकेय की माता के रूप में पूजा जाता है। उनकी उपासना से भक्तों को सुख, शांति, समृद्धि और संतान सुख की प्राप्ति होने की मान्यता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे धार्मिक आस्था के साथ-साथ अपने जीवन में प्रेम, सेवा, सद्भाव और मानवता के मूल्यों को भी अपनाएं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां स्कंदमाता को केले का भोग अर्पित करना शुभ माना जाता है। मां को हरा रंग भी प्रिय माना जाता है। नवरात्र के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने माता रानी से अपने परिवारों पर सदैव कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
इस दौरान परवीन बत्रा जोशी, मेयर मनीष सहगल, एसीपी फकीर चंद और अनिल ग्रोवर सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भी मां के दरबार में हाजिरी लगाई और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

