विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर डॉ. भाटिया ने धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों को दिया निमंत्रण
फरीदाबाद। सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर श्री सनातन धर्म महाबीर दल, मार्किट नंबर-एक एवं पंजाबी सभा द्वारा आयोजित किए जाने वाले दशहरा पर्व की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस धार्मिक आयोजन में शहरवासियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंदिर के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों को दशहरा समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। डॉ. राजेश भाटिया ने कहा कि दशहरा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सत्य, धर्म और अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, सत्य, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि रावण दहन का वास्तविक संदेश केवल एक परंपरा का निर्वहन करना नहीं, बल्कि अपने भीतर और समाज में व्याप्त अहंकार, अन्याय तथा अन्य बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लेना भी है। उन्होंने कहा कि दशहरा जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति और परंपराओं को सहेजने तथा उन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम, एकता और सद्भावना को मजबूत करते हैं। डॉ. भाटिया ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार सहित दशहरा समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लें और इस पावन पर्व को उत्साह, उल्लास एवं आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। इसी कड़ी में डॉ. भाटिया ने बीती रात श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर के प्रधान जगदीश भाटिया, श्री महाकाली माता मंदिर के प्रधान राजकुमार काले, तथा शिव मंदिर, 1सी-11 बीपी के प्रधान रवि नागपाल व् मनमोहन भाटिया (बब्बू) से मुलाकात की और संस्था में आयोजित नवरात्रि कार्यक्रमों में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने महामाई के चरणों में शीश नवाकर पूजा-अर्चना की तथा माता रानी का गुणगान किया। साथ ही, संबंधित धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें दशहरा समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

