सुशासन दिवस के अवसर पर एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य के सभी 87 शहरी स्थानीय निकायों में कम से कम एक सार्वजनिक स्थल का नामकरण अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम पर किया जाएगा। उनमें अटल जी प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी।
ताकि उनके लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता और पारदर्शी शासन के आदर्श समाज का मार्गदर्शन करते रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सभी निकायों में एक ऐसे सामुदायिक भवन, पार्क, वाचनालय, सभागार, वृद्धाश्रम या व्यावसायिक स्थल को चिन्हित कर लिया गया है और अगले 6 माह में अटल की स्मृति में इस फैसले को लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन और कार्यों से नई पीढ़ियों को प्रेरित करने के लिए उनके नाम पर अनेक संस्थाएं भी खोली जाएंगी, ताकि युवाओं के बीच अटल जी के जीवन, विचारों और अमूल्य योगदानों के प्रति जागरूकता फैलाई जा सके।
*मुख्यमंत्री ने नई डिजिटल पहलों का शुभारंभ भी किया*
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस दौरान कई महत्वाकांक्षी डिजिटल परियोजनाओं और पोर्टलों का भी शुभारंभ किया। इन पहलों में मानव संसाधन विभाग का सिक्योरिटी ऑफ़ सर्विस पोर्टल, नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के बुनियादी ढांचे से वंचित औद्योगिक क्षेत्रों की घोषणा हेतु आवेदन प्रस्तुत करने के लिए पोर्टल का शुभारंभ किया गया। इनके अलावा मुख्यमंत्री ने सूचना जनसपंर्क एवं भाषा विभाग के प्रेस रिलीज़ मैनेजमेंट सिस्टम और ऑनलाइन प्रेस मान्यता का लोकार्पण भी किया। उन्होंने श्रम विभाग के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों हेतु AI सक्षम इंस्टेंट पंजीकरण सिस्टम का लोकार्पण भी किया। इन पहलों का उद्देश्य सरकारी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, दक्षता और गति बढ़ाना तथा जनसेवाओं को अधिक सुलभ और नागरिकों के अनुकूल बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में नये वर्ष के कैलेंडर और सरकार की नीतियों और योजनाओं को प्रदर्शित करती एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया।







