– सरकार द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक मनाया जा रहा है राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’
– डीसी आयुष सिन्हा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों को दिया अंतिम रूप
– ‘सेवा संकल्प अभियान’ में जनकल्याण से जुड़े लगभग एक दर्जन कार्यक्रम और गतिविधियां होंगी आयोजित
फरीदाबाद, 16 सितंबर। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार द्वारा बृहस्पतिवार 17 सितंबर से प्रदेशभर में शुरू किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के मद्देनजर बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला उपायुक्तों की राज्य स्तरीय समीक्षात्मक बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की और उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फरीदाबाद से उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा जिला के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े।
डीसी आयुष सिन्हा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग उपरांत संबंधित नोडल अधिकारियों और विभागाध्यक्ष की बैठक लेकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के श्रीगणेश सहित अन्य तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा के उपलक्ष्य में सरकार द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा एक राष्ट्रव्यापी अभियान है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेशभर में सेवा, अंत्योदय उत्थान, जनकल्याण और जरूरतमंद लोगों की सहायता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किए जाने वाले विभिन्न मॉड्यूल की सभी तैयारियां पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय कार्यक्रम आगामी 17 सितंबर की शाम केएल मेहता विद्यालय में आयोजित किया जाएगा।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सेवा-यात्रा तथा विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान का श्रीगणेश जिला में ‘आर्शीवाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ होगा, जिसमें नागरिक उत्साहपूर्वक भाग लेकर सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करेंगे। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत चिन्हित स्थानों, प्रमुख परियोजनाओं पर तथा लाभार्थी अपने परिवारों के साथ दीप प्रज्वलित करेंगे। उन्होंने कहा कि ने कहा कि जिला की सभी गौशालाओं में भी अभियान के तहत विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौशालाओं में हवन, दीप प्रज्ज्वलन तथा पशुओं के स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन 25 वर्षों की निरंतर जनसेवा का प्रतीक जिला में ‘आशीर्वाद का दीया और रक्तदान’ जैसे कार्यक्रमों के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य आगाज होगा। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत समाज में सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से लगभग एक दर्जन विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सेवा, कल्याण और लाभ सुनिश्चित करना है। उन्होंने जिलावासियों से सेवा संकल्प अभियान में बढ़चढक़र भागीदारी करने का आह्वान किया।
बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, सीईओ जिला परिषद शिखा बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, एचएचवीपी स्टेट अधिकारी नवीन कुमार, सीटीएम अंकित कुमार, सीएमओ डॉ जयंत आहूजा सहित सांय सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

