फरीदाबाद। सामाजिक सेवा, संगठन के प्रति समर्पण, उत्कृष्ट कार्यशैली एवं निष्ठापूर्ण योगदान को देखते हुए श्रीमती कुसुम महाजन को अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण संगठन की महिला विंग (नॉर्थ जोन) की अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।
श्रीमती कुसुम महाजन वर्तमान में संगठन में राष्ट्रीय महासचिव के दायित्व का भी सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं। सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी सक्रियता, नेतृत्व क्षमता तथा जनहित के कार्यों में उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि कुसुम महाजन ने राजनीति और सामाजिक कार्यों को जनसेवा का प्रभावी माध्यम बनाया है। उन्होंने महिलाओं के उत्थान, सामाजिक जागरूकता और मानवाधिकार संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली से समाज की अन्य महिलाओं को भी प्रेरणा मिलती है। परिवार और सामाजिक दायित्वों के बीच संतुलन बनाते हुए उन्होंने समाजसेवा को सदैव प्राथमिकता दी है।
पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि श्रीमती कुसुम महाजन के कुशल नेतृत्व में महिला विंग न केवल नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी, बल्कि संगठन को भी और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अपनी नियुक्ति पर खुशी व्यक्त करते हुए श्रीमती कुसुम महाजन ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा, “संगठन द्वारा मुझ पर जताए गए विश्वास के लिए मैं सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों की आभारी हूं। आप सभी मेरे मार्गदर्शक हैं और आपसे ही मुझे निरंतर प्रेरणा, हौसला और कार्य करने की शक्ति मिलती है। मैं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए मानवाधिकारों की रक्षा एवं महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य करती रहूंगी।”
उन्होंने कहा कि संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाए जाएंगे।

