फरीदाबाद। बाबा महाकाल सेवादल द्वारा ग्रेटर फरीदाबाद के गांव बुढैना पुल पर दूसरा कांवड़ सेवा शिविर लगाया गया है। शिविर में हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों के ठहरने, भोजन, शुद्ध पेयजल, शौचालय तथा चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर परमपूजनीय परम वंदनीय श्री रामचन्द्र दास जी महाराज (गुम्मट मंदिर वाले), बाबा महाकाल सेवादल के सदस्य मयंक चौधरी, ललित बैंसला सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन कर देश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
इस अवसर पर श्री रामचन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना भगवान शिव की सच्ची आराधना है। निस्वार्थ भाव से की गई सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और ऐसे सेवा कार्य समाज में प्रेम, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।
शिविर के दौरान मयंक चौधरी ने वहां ठहरे कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि बाबा महाकाल सेवादल का यह दूसरा कांवड़ सेवा शिविर है, जहां हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों की पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ सेवा की जा रही है। उनका प्रयास है कि कांवड़ियों को यात्रा की थकान का एहसास न हो और वे सुरक्षित एवं आरामदायक वातावरण में विश्राम कर अपनी यात्रा पूरी कर सकें।
इस अवसर पर बाबा महाकाल सेवादल के अनेक सदस्य एवं शिवभक्त उपस्थित रहे और सभी ने कांवड़ियों की सेवा में बढ़-चढ़कर सहयोग किया।

