हरियाणा सरकार के मंत्री राजेश नागर ने गांव नचौली में नारी शक्ति वंदन अधिनियम में रुकावट बने विपक्ष पर किया प्रहार
राजेश नागर गांव नचौली में डॉक्टर अंबेडकर की 135वीं जयंती समारोह में लोगो को कर रहे थे संबोधित
फरीदाबाद। हरियाणा सरकार के मंत्री राजेश नागर ने गांव नचौली में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मंत्री नागर ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का योगदान भारतीय समाज और लोकतंत्र के लिए अमूल्य है, जिसे देश सदैव याद रखेगा। उन्होंने कहा कि संविधान के माध्यम से डॉ. अंबेडकर ने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार और न्याय दिलाने का मार्ग प्रशस्त किया। हमें आज जरूरत है कि हम डॉ. अंबेडकर के विचारों को अपनाते हुए समाज में समानता, शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा दें। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे बाबा साहेब के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
इस दौरान मंत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने इस महत्वपूर्ण बिल को पारित होने से रोकने का प्रयास कर बाबा साहब के समानता के अधिकार पर अतिक्रमण किया है, उसमें रुकावट की है। जिससे विपक्ष की महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण के बारे में सोच का खुलासा हो गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह अधिनियम जल्द ही पूरी तरह लागू होगा और देश की आधी आबादी को उनका पूरा अधिकार मिलेगा।
इस अवसर पर सभी ने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का माहौल सामाजिक एकता और जागरूकता के संदेश से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से धर्मपाल सरपंच ददसिया, रमेश सरपंच मंझावली, रविदास समाज विकास जागृति ट्रस्ट के प्रधान विश्वनाथ, मोतीलाल सरपंच ताजूपुर, मनोज, रॉबर्ट नागर,महिपाल मस्ताना,मदन सेन टेकचंद, नरेश ,कन्हैयालाल, गजराज नंबरदार, रामचंद्र नंबरदार, बालवीर, रोशन, प्रेमचंद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

