फरीदाबाद, 22 जुलाई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी फरीदाबाद ने जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक के नेतृत्व में सेक्टर-12 स्थित पेट्रोल पंप से लघु सचिवालय तक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेस नेताओं ने जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ हुई कथित मारपीट और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
ज्ञापन में कहा गया कि छात्रों की लोकतांत्रिक मांगों को बलपूर्वक दबाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। साथ ही विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ हुए कथित व्यवहार पर भी गंभीर आपत्ति जताते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने की मांग की गई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए हरियाणा कांग्रेस के सहप्रभारी जितेंद्र बघेल ने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण से देशभर के लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर सरकार ने लाठीचार्ज कराया और उनकी लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास किया।
पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ किया गया व्यवहार संसदीय परंपराओं के अनुरूप नहीं था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का सम्मान किया जाना चाहिए और विपक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि देश का युवा और छात्र वर्ग अपने भविष्य को लेकर चिंतित है, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनके साथ सख्ती की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों, युवाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने राहुल गांधी के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा के अनुरूप नहीं है और कांग्रेस इसका विरोध जारी रखेगी।
प्रदर्शन में हरियाणा कांग्रेस के सहप्रभारी जितेंद्र बघेल, पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल, विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक, एआईसीसी ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक रोहताश बेदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान विनोद कौशिक, अशोक रावल, योगेश ढींगड़ा, अनिल नेताजी, अनिल शर्मा, तिलक नागर, वेद प्रकाश यादव, मुकेश डागर, रेनू चौहान, रोहित नागर, विधान प्रताप सिंह, रोहित सिंगला, गौरव ढींगड़ा, उमेश कौशिक, ठाकुर राजाराम, विकास फागना, प्रेम यादव, वेद राम शर्मा, सुनीता फागना, एन.के. शर्मा, एडवोकेट अनुज शर्मा, सुरेश बेनीवाल, बाबूलाल रवि, शालिनी मल्होत्रा, सरला भमोत्रा, अर्जुन सैनी, तरुण तायल, मेहरचंद, महेश बैंसला, जितेंद्र चंदेलिया, पंकज, बिजेंद्र मावी, पम्मी मान, अजीत भाटी, मोनू ढिल्लो, बलजीत हुड्डा, बलजीत सिंह अरोड़ा, कैलाश सौलंकी, जुल्फिकार, मोहसीन खान, युनूस खान, हब्बन खान, मुख्तार, अर्जुन तंवर और कुलदीप गुलाटी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

